फतेहपुर जिले के खागा में कुत्ते की वजह से शादी में हंगामा हो गया। जिसके बाद दूल्हा पक्ष ने दुल्हन से शादी करने से इंकार कर दिया। हंगामे के बाद दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष प्रयागराज के रहने वाले है जो 19 फरवरी को शादी के लिए खागा आए थे। शादी के दौरान लड़की पक्ष ने एक पालतू कुत्ता बारात पर छोड़ दिया। जिसके बाद हालात बिगड़ गए। लड़के पक्ष के लोंगो ने कुत्ते को देख कुत्ते को बांधने को कहा जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर कुर्सियां चली। मारपीट के दौरान महिलाएं सहित 8 लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
हंगामे के दौरान दोनों पक्ष खागा कोतवाली पहुंचे जहां दोनों ने अपनी अपनी तहरीर देकर शादी से इंकार किया। लड़का पक्ष की ओर से कहा गया कि बेटे का प्रयागराज की एक लड़की से कई वर्षों से प्रेम प्रसंग था। दोनों ने मंदिर में कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। दोनों की कोर्ट मैरिज के बाद दोनों परिवार शादी को राजी हुए। शादी के दौरान लड़की पक्ष के लोंगो ने बारातियों पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया। जिसके बाद कुत्ते ने बारातियों पर भौंकना और काटना शुरू कर दिया। तभी लड़के पक्ष के लोगों ने कुत्ते को डंडा लेकर भगाया। जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते देखते दोनों पक्षों में कुर्सियां चलना शुरू हो गया। इस दौरान 8 लोग घायल हो गए। इस मामले में लड़की पक्ष के लोगों ने कैमरे के आगे कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। खागा कोतवाल मामले की जांच पड़ताल करने में जुटे हुए है।