Breaking News

इजरायल के ईरान पर हालिया हमले के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर पूरी तरह से बंद     |   पटियाला हाउस कोर्ट ने NIA की याचिका पर 7 विदेशी नागरिकों को नोटिस जारी किया     |   वेस्ट एशिया में फिर बढ़े तनाव पर भारत ने जताई चिंता, सभी पक्षों से संयम की अपील     |   केरल में शिगेला इंफेक्शन से 4 वर्षीय बच्ची की मौत, दो अन्य बच्चों का अभी इलाज जारी     |   तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करेंगे     |  

उत्तराखंड के कौड़ियाला में बस पलटी, 8 यात्री घायल, बड़ा हादसा टला

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के कौड़ियाला क्षेत्र में ऋषिकेश की ओर जा रही एक स्थानीय बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि बस में कुल 39 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 8 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया है।

अधिकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

इसी महीने हरिद्वार में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था, जहां गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस को पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद बस पलट गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। उस हादसे में 26 घायलों का इलाज कराया गया था। प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और वाहन की तकनीकी स्थिति की नियमित जांच कराने की अपील की है।