Shilpa Shetty: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी इन दिनों अपने करियर को लेकर बेहद सोच-समझकर फैसले ले रही हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने प्रोजेक्ट्स, फिल्म इंडस्ट्री में आए बदलाव और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को लेकर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि आखिर क्यों वह अब थिएटर रिलीज फिल्मों को प्राथमिकता देना चाहती हैं।
काम में अब नहीं करना चाहतीं कोई समझौता
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में शिल्पा शेट्टी ने कहा कि अब वह अपने काम को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहतीं। उनका मानना है कि इंडस्ट्री में इतने वर्षों तक काम करने के बाद अब केवल वही प्रोजेक्ट्स करने चाहिए, जिनसे वह पूरी तरह जुड़ाव महसूस करें और जिनके जरिए स्क्रीन पर आने की ठोस वजह हो।
थिएटर रिलीज फिल्म करने की है इच्छा
शिल्पा ने माना कि फिल्म इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है। आज कई निर्माता थिएटर रिलीज के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को ज्यादा सुरक्षित विकल्प मानते हैं, क्योंकि वहां आर्थिक जोखिम अपेक्षाकृत कम होता है। हालांकि, शिल्पा की सोच इससे अलग है।
उन्होंने कहा, “मेरे बच्चों ने मुझे बड़े पर्दे पर नहीं देखा है। इसलिए मैं ऐसी फिल्म करना चाहती हूं, जो थिएटर में रिलीज हो। मेरे बेटे ने 2023 में ‘सुखी’ देखी थी, लेकिन वह केवल प्रीव्यू स्क्रीनिंग थी। मैं फिर से वैसी फिल्म का हिस्सा बनना चाहती हूं, जैसी फिल्में पहले बनाया करते थे।”
बड़े ऑफर्स भी ठुकरा चुकी हैं शिल्पा
इंटरव्यू में शिल्पा ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने अपने करियर में कई बड़े प्रोजेक्ट्स और फिल्मों को मना किया है। हालांकि, उन्हें अपने किसी भी फैसले का अफसोस नहीं है। अभिनेत्री का कहना है कि उनके लिए किसी प्रोजेक्ट का आकार या उससे मिलने वाली रकम नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता और कहानी ज्यादा मायने रखती है।
शिल्पा शेट्टी का वर्क फ्रंट
शिल्पा शेट्टी ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है और फिटनेस आइकन के तौर पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। वर्क फ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही नए कुकिंग रियलिटी शो को होस्ट करती नजर आएंगी। यह शो 12 जून 2026 से ZEE5 पर स्ट्रीम होगा।