UP: उत्तर प्रदेश में शहरों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार सीवरेज और जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी है। अमृत 2.0 मिशन के तहत प्रदेश के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में सीवर नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ने के साथ गंदे पानी का उचित निस्तारण और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
4.16 लाख घरों तक पहुंचेगा सीवर नेटवर्क
अमृत 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के शहरी इलाकों में 4.16 लाख घरों को सीवर कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए कुल 1751.52 किलोमीटर सीवर नेटवर्क तैयार किया जाना है।
परियोजना के तहत अब तक 827.41 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। नेटवर्क के विस्तार से घरों से निकलने वाले अपशिष्ट जल को व्यवस्थित तरीके से सीवरेज प्रणाली तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे शहरों में जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सकेगा।
गंदे पानी के शोधन के लिए 8 एसटीपी का निर्माण
शहरी सीवरेज व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए योगी सरकार अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक शोधन पर भी ध्यान दे रही है। प्रदेश में 201 एमएलडी क्षमता के 8 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जा रहे हैं।
इन संयंत्रों में शहरों से निकलने वाले गंदे पानी का निर्धारित मानकों के अनुसार उपचार किया जाएगा। इससे बिना शोधन के सीवेज को नदियों और अन्य जल स्रोतों में जाने से रोकने में मदद मिलेगी।
16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम जारी
जल प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश में 326.25 एमएलडी क्षमता के 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी चल रहा है। इन परियोजनाओं से शहरी क्षेत्रों में जल से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने और पानी के प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
स्वच्छ शहर और प्रदूषण मुक्त जल स्रोतों पर जोर
योगी सरकार का लक्ष्य शहरों में साफ-सफाई और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ नदियों, तालाबों और दूसरे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाना है। सीवर नेटवर्क और ट्रीटमेंट प्लांट के विस्तार से अपशिष्ट जल का बेहतर प्रबंधन संभव होगा।
इन परियोजनाओं के पूरा होने पर शहरी नागरिकों को बेहतर सीवरेज सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही जल स्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। अमृत 2.0 के जरिए प्रदेश में आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे के विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है।