Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए गृह मंत्रालय की चेतावनी, अकाउंट हैक होने का खतरा

गृह मंत्रालय ने WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले लोगों को साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क किया है। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि WhatsApp Web का लॉगिन सेशन गलत हाथों में पड़ने पर किसी व्यक्ति के अकाउंट तक बिना अनुमति पहुंच बनाई जा सकती है।

गृह मंत्रालय के तहत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने 18 नवंबर को इस संबंध में एडवाइजरी जारी की थी। इसमें WhatsApp Web के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जरूरी सावधानियां बताई गई हैं।

WhatsApp Web से कौन-कौन से खतरे?

एडवाइजरी के मुताबिक, किसी सक्रिय और प्रमाणित WhatsApp Web सेशन का दुरुपयोग होने पर साइबर अपराधी यूजर के निजी संदेश पढ़ सकते हैं। इसके अलावा वे यूजर की पहचान बनाकर दूसरों को मैसेज भेज सकते हैं, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट तक पहुंच सकते हैं।

ऐसी स्थिति में अकाउंट की विश्वसनीय पहचान का इस्तेमाल धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों के लिए भी किया जा सकता है।

ऑफिस और सार्वजनिक कंप्यूटर पर बरतें सावधानी

गृह मंत्रालय ने सलाह दी है कि ऑफिस के कंप्यूटर, साझा सिस्टम, सार्वजनिक कंप्यूटर या ऐसे डिवाइस पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतें, जिन तक दूसरे लोगों की पहुंच हो सकती है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय, गोपनीय या अन्य संवेदनशील जानकारी कंप्यूटर पर चल रहे WhatsApp Web से साझा करने से बचना चाहिए।

काम खत्म होते ही करें लॉगआउट

मंत्रालय ने यूजर्स को सलाह दी है कि WhatsApp Web का काम पूरा होने के बाद हर बार मैन्युअल रूप से लॉगआउट करें। केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना लॉगआउट करने के बराबर नहीं है।

अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर कुछ समय के लिए WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो निजी या इनकॉग्निटो ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, ब्राउजर बंद करने से पहले लॉगआउट करना जरूरी है।

एडवाइजरी में साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर या अन्य अनजान सिस्टम पर WhatsApp Web लॉगिन करने से भी बचने को कहा गया है।

अकाउंट में असामान्य गतिविधि दिखे तो सतर्क हों

गृह मंत्रालय ने यूजर्स को अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी है। अगर आपके अकाउंट से अचानक ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं भेजा, कॉन्टैक्ट्स की ओर से अजीब जवाब मिल रहे हैं या कोई अनजान गतिविधि दिखाई दे रही है, तो इसे गंभीरता से लें।

इसके साथ ही डिवाइस का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें। संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइलों, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर और अविश्वसनीय स्रोतों से आने वाली सामग्री से दूर रहें।

एडवाइजरी में संगठनों को भी सलाह दी गई है कि ऑफिस और संवेदनशील कार्यस्थलों पर WhatsApp Web के इस्तेमाल से बचें। निजी ब्राउजिंग मोड अतिरिक्त सुरक्षा दे सकता है, लेकिन यह लॉगआउट करने का विकल्प नहीं है।