Breaking News

लखीसराय भगदड़: मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान     |   जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने विधायक पद की शपथ ली     |   सोशल मीडिया पर बच्चों के अश्लील कंटेंट पर SC की फटकार, केंद्र से मांगा जवाब     |   राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को खत लिखा     |   पीएम मोदी ने बिहार के लखीसराय में भगदड़ में हुई लोगों की मौतों पर दुख जताया     |  

‘युवा शक्ति ही उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी’, हर घर तिरंगा अभियान पर CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखा पत्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर प्रदेशवासियों के नाम पत्र लिखा है। उन्होंने अभियान में उत्साह के साथ शामिल होने वाले लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध करा रही है। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने संकल्प को राष्ट्र निर्माण के बड़े लक्ष्य से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है।

सीएम योगी ने अपने पत्र में लिखा कि उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के महायज्ञ की आज पूर्णाहुति हो रही है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ महा-अभियान में उत्साह और उमंग के साथ भाग लेने वाले सभी प्रदेशवासियों को हृदय से बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई क्षमता जब अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियों के रूप में दिखाई देती है तो मन प्रसन्न होता है। उन्होंने कहा कि जब संकल्प के सामने कोई दूसरा विकल्प नहीं होता, तब असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यह दिन हमें उन वीरों के संकल्प और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। बाबू बंधू सिंह, खुदीराम बोस, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह और पंडित राम प्रसाद बिस्मिल जैसे मां भारती के अनेक वीर सपूतों ने युवा अवस्था में ही खुद को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया था।

सीएम योगी ने कहा कि किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का स्वर्णिम दौर होता है। इसी उम्र में कुछ कर गुजरने की इच्छा सबसे अधिक मजबूत होती है। यही समय तय करता है कि हमारी ऊर्जा और सामर्थ्य भविष्य में किस दिशा में जाएगी और समाज व राष्ट्र के निर्माण में हमारी भूमिका क्या होगी। उन्होंने भारतीय विभूतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने अपनी प्रतिभा और विचारों से देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को नई दिशा दिखाई। आदि शंकराचार्य ने अल्पायु में ही भारत को आध्यात्मिक चेतना के सूत्र में पिरोने का काम किया, जबकि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह 26 वर्ष की आयु में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और सार्वजनिक जीवन का व्रत लिया, तब से राष्ट्र सेवा और जन सेवा का आदर्श उनके सामने सर्वोपरि रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है। जरूरत है कि किशोर और युवा इन अवसरों का लाभ उठाएं, अपने संकल्प को राष्ट्र निर्माण के व्यापक लक्ष्य से जोड़ें और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं।

सीएम योगी ने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व युवाओं के कंधों पर है। उनकी ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन और संकल्प से ही विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यही युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला भी है।