Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

आंध्र प्रदेश के भोगपुरम हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू

आंध्र प्रदेश के भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू हो गईं। पहली वाणिज्यिक उड़ान हैदराबाद से इंडिगो की थी, जो हवाई अड्डे पर पहुंची। प्रधानमंत्री मोदी ने एक अगस्त को इस हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने हवाई अड्डे पर पहली वाणिज्यिक उड़ान सेवा को हरी झंडी दिखाई और यात्रियों को बोर्डिंग पास सौंपे। इसके बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरू से आने वाली उड़ान भी हवाई अड्डे पर पहुंची।

नायडू ने एक संदेश में कहा, ‘‘अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत बेहद खुशी और गर्व का विषय है। ये उत्तर आंध्र प्रदेश के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है और ये क्षेत्र के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।” केंद्रीय मंत्री के अनुसार, हवाई अड्डे पर पहुंचे यात्रियों ने इसके बुनियादी ढांचे, वास्तुकला और सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये हवाई अड्डा केवल एक इमारत के रूप में नहीं, बल्कि क्षेत्र के इतिहास, विरासत और संस्कृति के प्रतीक के रूप में बनाया गया है।

विशाखापत्तनम हवाई अड्डे का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह उन लोगों की भावनाओं को समझते हैं, जो वहां नियमित वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं बंद होने से दुखी हैं। उन्होंने बताया कि विशाखापत्तनम हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल अब सामान्य वायुयान चालन के तहत निजी उड़ानों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भोगपुरम हवाई अड्डे तक पहुंच के लिए बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को भी मजबूत किया जा रहा है। कई सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है और सोंत्यम रोड समेत सात प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। विशाखापत्तनम हवाई अड्डे पर निर्धारित वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं 16 अगस्त को बंद हो गईं। वहां से आखिरी उड़ान इंडिगो की 6ई 2018 थी, जिसने रात 10 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरी।