अयोध्या में इस बार 10वां दीपोत्सव भव्य रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 5 से 7 नवंबर तक होने वाले दीपोत्सव में राम की पैड़ी समेत करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में 33 लाख मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
दीप प्रज्वलन के लिए 65 लाख बातियों और 55 हजार लीटर तेल की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा टी-शर्ट, मोमबत्ती, 150 किलो कपूर समेत अन्य जरूरी सामग्री की भी व्यवस्था की जा रही है। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए पांच टेंडर जारी किए गए हैं।
राम की पैड़ी से सरयू तट तक दिखेगी दीपों की छटा

श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की ओर से दीपोत्सव का आयोजन कराया जाएगा। राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशेष स्टेज तैयार किया जाएगा।
राम की पैड़ी से लेकर सरयू तट और विभिन्न घाटों तक दीपों और रोशनी की विशेष व्यवस्था की जाएगी। अयोध्या के प्रमुख मंदिरों को एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा। इससे दीपों से सजे घाट और रोशनी से जगमगाते मंदिर रामनगरी की भव्यता को और बढ़ाएंगे।
34 हजार वालंटियर संभालेंगे जिम्मेदारी

इस बार दीपोत्सव की व्यवस्थाओं में 34 हजार वालंटियर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ये स्वयंसेवक दीप प्रज्वलन के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखेंगे। आयोजन में शामिल होने वाले 34 हजार छात्रों के खान-पान की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके जरिए बड़ी संख्या में युवा भी दीपोत्सव का हिस्सा बनेंगे।
सुरक्षा और यातायात पर भी फोकस

दीपोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अयोध्या पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में दीपों की पंक्तियों, फूलों की सजावट और प्रकाश व्यवस्था की तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य आयोजन को भव्य बनाने के साथ इसे व्यवस्थित और सुरक्षित रखना है।
टेंडर के बाद शुरू होगी सामग्री की आपूर्ति
अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही आवश्यक सामग्री की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। वालंटियरों के प्रशिक्षण और छात्रों के भोजन की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं।
दीपोत्सव अब अयोध्या की पहचान बन चुका है। 10वें दीपोत्सव को और भव्य बनाने की तैयारियों के बीच नवंबर में रामनगरी 33 लाख दीपों की रोशनी से जगमगाने के लिए तैयार हो रही है।