संवाद, संकल्प और सफलता के मूलमंत्र के साथ सोमवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में UP RISE कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय ने किया।
कार्यक्रम में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और आसपास के कई जिलों से आए विद्यार्थियों और नवाचारियों ने हिस्सा लिया। युवाओं ने अपने स्टार्टअप आइडिया विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किए और उनसे सुझाव भी लिए।
12 स्टार्टअप्स ने प्रस्तुत किए आइडिया
UP RISE कार्यक्रम में कुल 12 स्टार्टअप टीमों ने अपने आइडिया प्रस्तुत किए। इनमें अभिषेक और निशांत के स्टार्टअप ‘ऑन मिंट’ को विनर घोषित किया गया। वहीं, जुनैद रिजवान और सागर के स्टार्टअप ‘इक्षू’ को रनर अवार्ड दिया गया। विशेषज्ञों ने स्टार्टअप्स के आइडिया का मूल्यांकन किया और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए जरूरी सुझाव दिए।
युवाओं को स्टार्टअप योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और नवाचारियों को योगी सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इन योजनाओं के जरिए स्टार्टअप शुरू करने या आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद और कारोबार के लिए ऋण प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम स्थल पर संबंधित विभागों की ओर से काउंटर भी लगाए गए, जहां युवाओं को योजनाओं में पंजीकरण की जानकारी और सहायता दी गई।
विशेषज्ञों ने दिए जरूरी सुझाव
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्टार्टअप फाउंडर, विद्यार्थी, विश्वविद्यालय के शिक्षक, स्टार्टअप मेंटोर और एक्सपर्ट शामिल हुए। नवाचारियों ने अपने आइडिया प्रस्तुत किए, जिसके बाद विशेषज्ञों ने उन्हें बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए।
मेंटोर और निर्णायक मंडल में कनेक्स्ट मारकॉम के डायरेक्टर अलाय रिजवी, स्टूफिट के सीईओ डॉ. सैयद शुजात हैदर जाफरी और इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल के प्रेसिडेंट डॉ. नूर आलम खान शामिल रहे। इसके अलावा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एमएम सिंह, डॉ. संदीप समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कवि मुकुल शर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को अपनी रचनाएं सुनाईं।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में मददगार होंगे ऐसे आयोजन
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय ने कहा कि विकसित भारत 2047 की संकल्पना को पूरा करने में UP RISE जैसे आयोजन मददगार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को अवसर, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।