Breaking News

बॉम्बे HC ने महाराष्ट्र SIR प्रक्रिया में नाम हटाने पर रोक लगाने से इनकार किया     |   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल विशाखापत्तनम में पहले फ्लीट सपोर्ट शिप को लॉन्च करेंगे     |   पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह से मिले राहुल गांधी     |   आकाश आनंद की BSP में वापसी, मायावती ने फिर बनाया राष्ट्रीय संयोजक     |   आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा का बिहार के डीजीपी पद पर कार्यकाल बढ़ा     |  

यूपी में ITI प्रवेश के पांचवें चरण की प्रक्रिया शुरू, 11 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन और विकल्प भर सकेंगे। यह प्रक्रिया ITI प्रवेश के चौथे चरण के पूरा होने के बाद रिक्त रह गई सीटों को भरने के लिए शुरू की गई है। अभ्यर्थी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (SCVT), उत्तर प्रदेश की वेबसाइट www.scvtup.in पर आवेदन कर सकते हैं।

पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों को नए विकल्प भरने का मौका

SCVT उत्तर प्रदेश के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि पंचम चरण में राजकीय ITI के ऐसे पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे, जिन्हें पहले चरणों में प्रवेश नहीं मिला या चयन होने के बावजूद उन्होंने प्रवेश नहीं लिया।

ऐसे अभ्यर्थी अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करके रिक्त व्यवसायों और पसंदीदा संस्थानों के लिए नए या संशोधित विकल्प भर सकेंगे। उन्हें लिंग, उपवर्ग और शैक्षिक अर्हता से जुड़ी जानकारी दोबारा दर्ज करने का भी अवसर मिलेगा।

अगर कोई अभ्यर्थी नए विकल्प नहीं भरता है तो उसे उसके मूल आवेदन में दिए गए विकल्पों के आधार पर ही पंचम चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा राजकीय ITI में पहले प्रवेश लेने के बाद किसी कारण से नाम कटवा चुके अभ्यर्थी भी इस चरण में आवेदन कर सकेंगे।

नए अभ्यर्थी भी कर सकेंगे आवेदन

राजकीय और निजी ITI में नए सिरे से आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भी इस चरण में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें SCVT की वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा।

आवेदन के बाद शुल्क डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या UPI के जरिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पेमेंट गेटवे से जमा किया जा सकेगा। शुल्क भुगतान के बाद अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भी प्राप्त कर सकेंगे।

श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क

सामान्य और पिछड़ा वर्ग: 300 रुपये

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति: 250 रुपये

सभी महिला अभ्यर्थी: 100 रुपये

ऑनलाइन आवेदन और विकल्प भरने की प्रक्रिया 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। चौथे चरण के बाद बची रिक्त सीटों का जनपदवार, संस्थानवार और व्यवसायवार विवरण SCVT की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थी संबंधित ITI के कार्यालय से भी खाली सीटों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रदेश के सभी राजकीय और निजी ITI के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने संस्थान में रिक्त सीटों की व्यवसायवार अपडेट जानकारी सूचना पट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।

युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने पर जोर

योगी सरकार युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ व्यावसायिक और कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। ITI में तकनीकी प्रशिक्षण युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार कुशल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया के जरिए रिक्त सीटों को भरने से अधिक युवाओं को स्किल डेवलपमेंट और रोजगारपरक प्रशिक्षण से जुड़ने का अवसर मिलेगा।