Breaking News

ओडिशा में 8 जगह पर तापमान 40 डिग्री के पार     |   AAP का व्हिप जारी, राज्यसभा सांसदों को 3 दिन तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश     |   अलकायदा मॉड्यूल के तीन आतंकी को उम्रकैद की सजा, NIA कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय टैंकरों से टोल लेने की बात से इनकार किया     |   IPL 2026: राजस्थान ने जीता टॉस, हैदराबाद को दिया पहले बैटिंग का न्योता     |  

नोएडा में हिंसा भड़काने वाले तत्वों के खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई, DGP राजीव कृष्ण की सख्त चेतावनी

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने सोमवार को कहा कि पुलिस नोएडा में श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने वाले तत्वों की पहचान करके उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने कहा कि नोएडा में हिंसा भड़काने और अशांति फैलाने में शामिल 'उकसाने वाले तत्वों' और 'बाहरी तत्वों' का पता लगाया जा रहा है। कृष्ण ने कहा, ''ऐसे तत्वों की पहचान हो जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।''

अधिकारियों ने बताया कि डीजीपी, अपर महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) अमिताभ यश सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष से नोएडा की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। डीजीपी का ये बयान नोएडा के कुछ हिस्सों में दिन की शुरुआत में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्ट्री श्रमिकों द्वारा किये गये हिंसक विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में आया है।

वेतन में वृद्धि सहित अलग-अलग मांगों को लेकर गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में बीते चार दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया और उन्होंने कई जगहों पर जाम लगाया और तोड़फोड़ की।

पुलिस के अधिकारी के मुताबिक नोएडा के सेक्टर 63, सेक्टर 62, सेक्टर 15, फेस-दो औद्योगिक क्षेत्र, सूरजपुर, नॉलेज पार्क क्षेत्र, दादरी क्षेत्र और ईकोटेक- प्रथम के औद्योगिक क्षेत्र में सुबह से ही मजदूरों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कई जगह पर श्रमिकों ने रास्ता जाम किया और अनेक स्थानों पर श्रमिकों ने उग्र होकर पुलिस पर पथराव किया और कुछ कारों में आग लगा दी। उन्होंने बताया कि कारखानों में तोड़फोड़ की भी खबर है जिसके बाद पुलिस को उन्हें तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

पुलिस ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर कमिश्नरेट के तहत आने वाले सभी औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।