मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था को मजबूत और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अतिरिक्त बिजनेस प्लान के तहत बिजली ढांचे को मजबूत करने की योजना तैयार की गई है। इस योजना में नए बिजली उपकेंद्र बनाने, पुराने उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने और बिजली लाइनों का विस्तार करने पर जोर दिया गया है। इससे प्रदेश के ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
95 नए बिजली उपकेंद्र बनेंगे, पुराने उपकेंद्रों की क्षमता भी बढ़ेगी
योजना के तहत प्रदेश में 95 नए 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इन पर 221.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 302 मौजूदा बिजली उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिसके लिए 76.64 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बिजली वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 12,528 मौजूदा डीटी उपकेंद्रों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। इस काम पर 746.68 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बिजली लाइनों के निर्माण और सुधार पर भी होगा खर्च
योजना के तहत 33 केवी की नई बिजली लाइनें बनाने और बे निर्माण के 638 काम किए जाएंगे। इन पर 748.62 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, 33 केवी बिजली लाइनों को मजबूत करने के 949 कामों के लिए 400.73 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा 11 केवी बिजली लाइनों के निर्माण और विभक्तिकरण के 32,354 कामों पर 780.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 33 केवी लिंक लाइनों और बे निर्माण के 339 कामों के लिए 93.29 करोड़ रुपये, औद्योगिक फीडरों से जुड़े 134 कामों के लिए 41.99 करोड़ रुपये और 33 केवी लाइन क्रॉसिंग के 390 कामों के लिए 28.94 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है।
ग्रामीण और शहरी इलाकों में बिजली आपूर्ति होगी बेहतर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुसार प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए यह योजना तैयार की गई है। इन कामों के पूरा होने से बिजली वितरण व्यवस्था की क्षमता बढ़ेगी और तकनीकी समस्याएं कम होंगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बेहतर और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। यह योजना पूर्वांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल और पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगमों के साथ केस्को की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।