सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से कहा है कि भारत में उसके ग्राहकों को पाकिस्तान में बनी फिल्में और वेब सीरीज उपलब्ध न कराई जाएं। मंत्रालय ने पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बच्चे हैं संग समेट लो' की भारत में संभावित रिलीज को लेकर मिली शिकायतों के बाद 8 मई 2025 को जारी अपनी एडवाइजरी को दोहराया है।
मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पुराने निर्देशों का पालन करने और जून 2025 में सरकार को दिए गए अपने आश्वासन पर कायम रहने को कहा है। उस समय नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को बताया था कि उसने भारत में अपने ग्राहकों के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। अब सरकार ने प्लेटफॉर्म से इसी रुख को बनाए रखने के लिए कहा है।
4 दिसंबर को रिलीज होने की चर्चा
पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बच्चे हैं संग समेट लो' के 4 दिसंबर 2026 को रिलीज होने की खबर है। इसे भारत में नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध कराने की संभावना को लेकर मंत्रालय को कई शिकायतें और सुझाव मिले हैं। कई प्रतिनिधियों ने नेटफ्लिक्स से अपील की है कि वह रिलीज से पहले इस सीरीज को अपने भारतीय कंटेंट कैटलॉग में शामिल न करे।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी हुई थी एडवाइजरी
मंत्रालय ने 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी में भारत में काम करने वाले OTT प्लेटफॉर्म, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म को पाकिस्तान में बने कंटेंट का प्रसारण बंद करने का निर्देश दिया था।
इसमें वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल मनोरंजन सामग्री शामिल थी। यह निर्देश पेड सब्सक्रिप्शन और मुफ्त सेवाओं, दोनों पर लागू था। यह एडवाइजरी 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जारी की गई थी। इस हमले में कई लोगों की जान गई थी और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था।
मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं और भारत में हुए कई आतंकी हमलों में सीमा पार संबंधों का हवाला दिया था। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 के प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया था।
नेटफ्लिक्स की सदस्यता रद्द करने की अपील
इस बीच, कुछ संगठनों ने भारतीय दर्शकों से अपील की है कि यदि नेटफ्लिक्स इस सीरीज को भारत में रिलीज करता है, तो वे अपनी सदस्यता रद्द कर दें। इन संगठनों ने सरकार से ऐसा स्थायी कानूनी प्रावधान बनाने की मांग भी की है, जिससे पाकिस्तानी फिल्में, टीवी शो, कलाकार और अन्य मनोरंजन सामग्री भारतीय प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध न हो सके।