Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित के पिता और वकील के खिलाफ जीरो FIR     |   ‘धारा 301’ जांच और 25 प्रतिशत शुल्क को लेकर भारत का अमेरिका को सीधा जवाब     |   दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़, आरोपी अमन गुर्जर के पैर में गोली     |   उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 13 IAS और 17 IPS अफसरों का किया ट्रांसफर     |   26/11 हमले के 18 साल हुए पूरे, चश्मदीद ने बताया-आज भी नहीं सो पाता ठीक से     |  

छठ पूजा का मजाक उड़ाना पड़ा भारी? कॉमेडियन Yash Maheshwari के खिलाफ FIR दर्ज

बिहार की महिलाओं, छठ पर्व और सिंदूर की परंपरा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह मामला दक्षिण दिल्ली के साकेत थाने में दर्ज किया गया है।

आरोप है कि कॉमेडियन ने 24 अक्टूबर को साकेत के एक क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार की महिलाओं, उनकी धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक बातें कही थीं। इस मामले में लेखक और कवि नीलोत्पल मृणाल ने शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में कॉमेडियन के साथ कार्यक्रम के आयोजकों और कॉमेडी क्लब के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।

वीडियो और डिजिटल सबूतों की जांच करेगी पुलिस

शिकायतकर्ता ने कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच कराने की मांग की है। पुलिस अब उपलब्ध वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच करेगी। इस विवाद में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कथित टिप्पणियों का भी जिक्र सामने आया है।

लोक जनशक्ति पार्टी ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

कथित टिप्पणी को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं ने भी पुलिस और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है। पार्टी का कहना है कि इस टिप्पणी से बिहार की महिलाओं के सम्मान और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

पार्टी की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष चंद्रप्रभा भाटिया ने कहा कि छठ पर्व लोगों की आस्था और धार्मिक परंपरा से जुड़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं और उनकी परंपराओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना कितना उचित है।

भाटिया ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से ऐसी सख्त कार्रवाई करने की मांग की, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह की टिप्पणी करने से पहले सोचे।

चिराग पासवान के निर्देश पर कार्रवाई की मांग

लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता सुशील कुमार ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर इस मामले को उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉमेडियन ने बिहार की महिलाओं और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। पार्टी ने मामले में FIR दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने की मांग की है।

सुशील कुमार ने कहा कि केवल माफी मांगने से बिहार के लोगों की भावनाओं को पहुंची ठेस दूर नहीं होगी। उन्होंने कॉमेडियन की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं, धर्म और जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियों पर स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कॉमेडी वीडियो

यह विवाद तब बढ़ा जब यश महेश्वरी ने 21 नवंबर 2026 को कथित तौर पर 'Morally Questionable' नाम से अपना स्टैंड-अप कॉमेडी वीडियो अपलोड किया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 24 अक्टूबर को साकेत के एक कॉमेडी क्लब में हुए कार्यक्रम का था।

वीडियो में कथित तौर पर बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा छठ पूजा के दौरान लगाए जाने वाले लंबे सिंदूर को लेकर अश्लील तुलना की गई थी। इसके अलावा घरेलू हिंसा से जुड़े मजाक भी शामिल होने का आरोप है।

वीडियो के कुछ हिस्से एक्स और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुए, जिसके बाद लोगों और सांस्कृतिक संगठनों ने नाराजगी जताई। विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन ने वीडियो हटा दिया और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी निष्क्रिय कर दिया। हालांकि, मामला अब भी कानूनी और राजनीतिक स्तर पर चर्चा में है। दिल्ली के साथ बिहार में भी शिकायत और पुलिस कार्रवाई की खबरें सामने आई हैं।