Breaking News

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बीच पुतिन और लुकाशेंको की मुलाकात, मानवीय मदद पर हुई चर्चा     |   दिल्ली के नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं     |   पंजाब में पराली जलाने का आंकड़ा 5000 पार, किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना     |   दिल्ली में प्रदूषण बरकरार, इंडिया गेट के आसपास AQI 242     |   लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शनों पर 50 भारतीय संगठनों ने राष्ट्रपति मुर्मु को लिखी चिट्ठी     |  

'जब लोग त्योहार मनाते हैं तो प्रदूषण की बात होने लगती है', दिवाली पर पटाखे जलाने के समर्थन में उतरे CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर पटाखे जलाने और प्रदूषण को लेकर हो रही आलोचनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दिवाली पर लोगों के पटाखे जलाने से प्रदूषण की बात तो की जाती है, लेकिन भ्रष्टाचार के जरिए पूरे सिस्टम को प्रदूषित करने वालों पर कोई सवाल नहीं उठाता। उन्होंने कहा कि प्रदूषण हुआ है तो उसे कम भी किया जाएगा। लोगों ने धूमधाम से दिवाली मनाई और पटाखे जलाए, इसमें चिंता की कोई बात नहीं है।

मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के 1,146 नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की।

दिवाली पर पटाखों से प्रदूषण की बात करने वालों पर निशाना

सीएम योगी ने कहा कि दिवाली पर लोगों ने उत्साह के साथ त्योहार मनाया और पटाखे जलाए तो प्रदूषण को लेकर सवाल उठने लगे। उन्होंने कहा कि जो लोग गलत काम करके पूरे सिस्टम को प्रदूषित करते हैं, उनसे कोई सवाल नहीं करता, लेकिन जनता एक दिन पटाखे जलाती है तो प्रदूषण की चर्चा शुरू हो जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदूषण को भी कम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह खुद अयोध्या में दीपावली के दौरान आतिशबाजी के बीच मौजूद थे। सरकार ने त्योहार मनाने पर कोई रोक लगाने का फैसला नहीं किया।

2017 से पहले त्योहारों से पहले होते थे दंगे: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों के आसपास दंगे हो जाते थे। होली, दिवाली, विजयादशमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद, गुरु पर्व और मकर संक्रांति जैसे त्योहारों से पहले भी तनाव और दंगों की घटनाएं होती थीं।

उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाना आसान नहीं था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में लोग सुरक्षित माहौल में अपने त्योहार मना रहे हैं।

पहले योग्य युवाओं को नहीं मिलता था रोजगार: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के दौरान भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अवसर नहीं मिलते थे। रोजगार के उचित अवसर नहीं मिलने के कारण युवा दूसरे राज्यों और देशों की ओर पलायन करने को मजबूर थे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं ने अपनी मेहनत से देश और दुनिया में योगदान दिया, लेकिन प्रदेश में उन्हें ईमानदारी से नौकरी नहीं मिल पाती थी। भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव और एक सिंडिकेट का दबदबा था।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रशासन और भर्ती प्रक्रिया में 'मुन्ना भाई' जैसे लोग बैठे हुए थे। परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन में बैठे लोग ही इन गड़बड़ियों को अंजाम देते थे। जब युवा न्याय के लिए अदालत जाते थे तो मामलों में रोक लग जाती थी, जबकि भ्रष्टाचार करने वाले लोग अवैध कमाई करके विदेशों में जमा करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली व्यवस्था में उत्तर प्रदेश के युवाओं के साथ हर स्तर पर अन्याय हुआ। इसी वजह से प्रदेश की प्रतिभा को उचित अवसर नहीं मिल पाए और उत्तर प्रदेश पिछड़ता चला गया।