Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की CBI जांच की मांग, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका     |   ईरान के सम्मान, प्रगति और गौरव के रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे: मसूद पेजेश्कियान     |   चीन ने बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड ने जताया विरोध     |   चंपत राय पर थोड़ी देर में फैसला, मीटिंग के लिए पहुंचने लगे राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य     |   पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |  

जगन्नाथ रथ यात्रा के लिए 300 से ज्यादा और ओणम पर 100 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाएगा रेलवे: अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को घोषणा की कि भारतीय रेलवे ओडिशा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के लिए 300 से अधिक स्पेशल ट्रेनें और केरल में ओणम पर्व के दौरान 100 से ज्यादा विशेष ट्रेनें चलाएगा। भुवनेश्वर स्थित रेल सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रेल मंत्री ने नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस और टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का विस्तार शाहजहांपुर तक करने का भी उद्घाटन किया।

इस दौरान अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 30 जून को समाप्त हुए ग्रीष्मकालीन सीजन में भारतीय रेलवे ने रिकॉर्ड 15,000 स्पेशल ट्रेनें चलाईं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना रेलवे, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता है। रेल मंत्री ने बताया कि टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इस ट्रेन से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में रहने वाले सिख समुदाय को बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि इससे उन्हें तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि खटीमा और बनबसा स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव की मांग पर रेलवे जल्द विचार करेगा। यदि संभव हुआ तो इन स्टेशनों पर भी ट्रेन का ठहराव दिया जाएगा। रेल मंत्री ने कहा कि नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस शुरू होने से महाराष्ट्र के वाशिम, हिंगोली और बसमत क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। वहीं, टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन को अब शाहजहांपुर तक बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा टनकपुर-आगरा ट्रेन, जो पहले स्पेशल ट्रेन के रूप में चलती थी, उसे अब नियमित सेवा बना दिया गया है। अश्विनी वैष्णव ने पिछले 12 वर्षों में रेलवे की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान देश में करीब 37,000 किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं। साथ ही रेलवे का 99.6 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है, जो भारतीय रेलवे के इतिहास की बड़ी उपलब्धि है।