पेरू के दक्षिणी एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि, भूकंप के कारण तत्काल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप का केंद्र अयाकुचो क्षेत्र के पारिनाकोचास प्रांत में उपाहुआचो शहर से 38 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में जमीन में 66.7 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके इका और अरेक्विपा क्षेत्र सहित पेरू के कई दक्षिणी हिस्सों में महसूस किए गए। अधिकारियों ने तत्काल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं दी है। पेरू में अतीत में भी शक्तिशाली भूकंप के कारण भारी तबाही देखी गई थी। वर्ष 2007 में इका क्षेत्र के एक प्रांत में 7.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें करीब 600 लोगों की मौत हुई थी।