सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस खास अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली स्थित गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब में पहुंचकर माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान नितिन नवीन ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि उनका संदेश पूरी मानवता के लिए है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की विचारधारा आज भी सिख समुदाय को देश और दुनिया में एक अलग पहचान दिलाती है।
नितिन नवीन ने सिख गुरुओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की राष्ट्रीय भावना को प्रेरणा सिख गुरुओं और सिख समुदाय से मिलती है। उन्होंने सभी सिख गुरुओं के संदेश, मानव सेवा और समाज के प्रति उनके समर्पण को नमन किया।
अमित शाह ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को किया याद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने करुणा, सद्भाव और अच्छे आचरण का संदेश देकर मानवता को नई दिशा दिखाई।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि गुरु नानक देव जी ने भेदभाव से मुक्त समाज, भाईचारे और महिलाओं के सम्मान का मार्ग दिखाया। लंगर और धर्मशालाओं की परंपरा के जरिए उन्होंने सेवा और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की। उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों को सत्य, निस्वार्थ सेवा और जनकल्याण के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
राजनाथ सिंह ने दिया समानता और सेवा का संदेश
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं को बधाई दी। उन्होंने गुरु साहिब की प्रेम, समानता, सेवा और सद्भाव की शिक्षाओं को याद किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ऐसे समाज की कल्पना करते थे, जहां जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव के लिए कोई जगह न हो और हर व्यक्ति को समान सम्मान मिले।
उन्होंने गुरु नानक देव जी के 'इक ओंकार' के संदेश के साथ नाम जपने, ईमानदारी से कमाई करने और जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाने के सिद्धांतों का भी उल्लेख किया।
भगवंत मान ने प्रकाश पर्व की दी बधाई
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने पूरी मानवता को सत्य के रास्ते पर चलने, जातिगत भेदभाव से ऊपर उठने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की सीख दी। भगवंत मान ने लोगों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और मिल-जुलकर एक समृद्ध समाज बनाने की अपील की।
स्वर्ण मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया पवित्र सरोवर में स्नान
प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब के अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब यानी स्वर्ण मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने पवित्र सरोवर में स्नान कर गुरु नानक देव जी को नमन किया।
गुरु नानक जयंती को गुरुपर्व के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व हर साल कार्तिक महीने की पूर्णिमा यानी कार्तिक पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस दिन गुरुद्वारों में विशेष अरदास, कीर्तन और लंगर का आयोजन होता है। श्रद्धालु सेवा और भक्ति के जरिए गुरु साहिब की शिक्षाओं को याद करते हैं।