Breaking News

प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा नदी में डुबकी     |   महाराष्ट्र में अज्ञात व्यक्ति ने दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर पत्थर फेंके     |   दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के आसपास AQI 201 दर्ज     |   काशी में मनाई जाएगी देव दीपावली, गंगा घाट 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे     |   कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर होगी दूसरे दौर की वार्ता     |  

लखनऊ में अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2.05 करोड़ का माल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन के अवैध निर्माण और बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 2.05 करोड़ रुपये की ऑक्सीटोसिन और उससे जुड़ी सामग्री बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई दुबग्गा थाना क्षेत्र के ग्राम मौहारी (जेहटा) में की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि यहां कुछ लोग बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन तैयार कर उसकी सप्लाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर FSDA और एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक सुनसान जगह पर बने मकान में छापा मारा।

सुनसान मकान में चल रहा था अवैध कारोबार

छापेमारी के दौरान मकान के पीछे एक पिकअप वाहन खड़ा मिला। उसमें दो व्यक्ति बोरियां रख रहे थे। टीम ने मकान के अंदर जांच की तो लोहे के दरवाजे के पीछे बने कमरे में बड़ी संख्या में बोरियां, प्लास्टिक की बोतलें और ऑक्सीटोसिन बनाने व पैकिंग का सामान मिला।
जांच में पता चला कि मकान को अवैध दवा बनाने और उसे अलग-अलग पैकिंग में तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

2.05 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त

संयुक्त टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में ऑक्सीटोसिन और निर्माण सामग्री बरामद की। जब्त सामान में शामिल हैं:

  • 37 बोरियों में रखी करीब 3,700 प्लास्टिक बोतलें, प्रत्येक लगभग 200 मिलीलीटर
  • 1,77,800 प्लास्टिक एम्प्यूल, प्रत्येक लगभग 2 मिलीलीटर
  • करीब 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन
  • बिना लेबल की 3 सिल्वर फॉयल पैकिंग में संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर
  • 5-5 लीटर फिनायल के 12 कैन
  • 1-1 किलो नमक के 36 पैकेट

इसके अलावा करीब 8,000 खाली बोतलें, लगभग 44,000 एल्युमिनियम ढक्कन, 5,000 रबर कैप, सीलर मशीन, फिलिंग पाइप, दस्ताने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले।

मौके से तीन 200 लीटर के खाली ड्रम, चाकू, प्लास, हथौड़ी, छेनी, मग और छन्नी सहित अन्य सामान बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

पहले भी जेल जा चुके हैं दोनों आरोपी

टीम ने मौके से दिलदार और इरफान नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम महिमाखेड़ा के मूल निवासी हैं और फिलहाल ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की कैटल कॉलोनी में रह रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑक्सीटोसिन पाउडर में नमक, पानी और फिनायल मिलाकर अवैध दवा तैयार करते थे। इसके बाद उसे बोतलों और एम्प्यूल में भरकर बाजार में बेचते थे।

बिहार से मंगाते थे पाउडर, गाजियाबाद से खरीदते थे सामान

आरोपियों के मुताबिक, इस अवैध कारोबार में उनका एक अन्य साथी भी शामिल था। उसके जरिए बिहार से ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाया जाता था। वहीं, कुछ अन्य सामग्री गाजियाबाद से खरीदी जाती थी।

तैयार ऑक्सीटोसिन को भैंस पालने वालों और सब्जी विक्रेताओं तक पहुंचाया जाता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले इसी अपराध में जेल जा चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने फिर से यह काम शुरू कर दिया था। उनके अनुसार, अवैध ऑक्सीटोसिन का कारोबार ही उनकी कमाई का मुख्य जरिया था। माल की सप्लाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा पिकअप वाहन भी उन्होंने इसी उद्देश्य से खरीदा था।

पशुओं और सब्जियों में इस्तेमाल से स्वास्थ्य को खतरा

अवैध ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल पशुओं के साथ-साथ सब्जियों और फलों पर भी किया जाता है। इससे आम लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ने का खतरा रहता है।

नियमों के अनुसार, भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के नियम 105 के तहत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में करने का प्रावधान किया है। प्लास्टिक की बोतलों और एम्प्यूल में इसका अवैध निर्माण और बिक्री प्रतिबंधित है।

दुबग्गा थाने में मुकदमा दर्ज, सप्लायरों की तलाश

मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4), 319(2), 325, 280, 276 और 112 के तहत दुबग्गा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

FSDA के औषधि निरीक्षकों ने बरामद सामग्री के 9 नमूने जांच और विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अब पुलिस और संबंधित विभाग उन लोगों की पहचान कर रहे हैं, जो आरोपियों को कच्चा माल उपलब्ध कराते थे और तैयार ऑक्सीटोसिन खरीदते थे। अधिकारियों के मुताबिक, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।