Breaking News

प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा नदी में डुबकी     |   महाराष्ट्र में अज्ञात व्यक्ति ने दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर पत्थर फेंके     |   दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के आसपास AQI 201 दर्ज     |   काशी में मनाई जाएगी देव दीपावली, गंगा घाट 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे     |   कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर होगी दूसरे दौर की वार्ता     |  

सिख गुरुओं के सम्मान से मजबूत होगी भारत की पहचान, दुनिया की कोई ताकत देश का बाल बांका नहीं कर सकती: CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिख गुरुओं के प्रति देश में श्रद्धा और सम्मान बना रहेगा, तो दुनिया की कोई ताकत भारत को नुकसान नहीं पहुंचा सकती। सिख गुरुओं का त्याग, तपस्या और बलिदान देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

dufug

मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का 'एक ओंकार' का संदेश पूरी मानवता को एकता के सूत्र में बांधता है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाती हैं। इन विचारों को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय जीवन में अपनाना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश पर्व को सौभाग्य का अवसर बताते हुए कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान, अंधकार से प्रकाश और अधर्म से धर्म की ओर ले जाती हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदेश के तीर्थस्थलों में उमड़ी श्रद्धा

fsfrf

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के महत्व का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सुबह चार बजे से ही विभिन्न तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही थी।

योगी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लाखों लोगों ने गंगा स्नान किया। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और अमरोहा के तिगरी में करीब 15-15 लाख श्रद्धालुओं के स्नान करने की जानकारी मिली। प्रयागराज और फर्रुखाबाद में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जबकि अयोध्या और काशी में श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।

उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में देव दीपावली का आयोजन भी होता है, जहां लाखों दीप जलाए जाते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक से मुक्त कराया था। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व भी इसी दिन मनाया जाता है, जिससे इस अवसर का आध्यात्मिक महत्व और बढ़ जाता है।

'एक ओंकार' ने समाज को एकजुट करने का दिया संदेश

bFDvfd

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ऐसे समय में मानवता और समानता का संदेश दिया, जब समाज जाति, छुआछूत और अस्पृश्यता जैसी बुराइयों से बंटा हुआ था। उस दौर में विदेशी आक्रमणों की चुनौतियां भी थीं।

ऐसी परिस्थितियों में गुरु नानक देव जी ने 'एक ओंकार' का संदेश देकर लोगों को समझाया कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य उसकी संतान हैं। इसलिए हर व्यक्ति समान सम्मान का अधिकारी है।

योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सीमित संसाधनों के बावजूद विभिन्न स्थानों की यात्राएं कीं और लोगों तक एकता, मानवता तथा आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश पहुंचाया। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने की शक्ति रखते हैं।

लंगर की परंपरा समानता और सेवा का उदाहरण

bfbvdf

मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों 'नाम जपो, कीरत करो और वंड छको' को जीवन का सार बताया। उन्होंने कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और अपनी कमाई को दूसरों के साथ बांटना समाज में सकारात्मकता और एकता पैदा करता है। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मनुष्य को श्रद्धा, सेवा और सद्भाव की राह दिखाती हैं।

योगी आदित्यनाथ ने 'वंड छको' के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका अर्थ है कि कोई भी व्यक्ति समाज में उपेक्षित न रहे और सभी मिलकर भोजन करें। गुरुद्वारों में चलने वाला लंगर इसी विचार को साकार करता है।

उन्होंने कहा कि लंगर में किसी की जाति, धर्म या मजहब नहीं पूछा जाता। सभी लोग एक ही पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा सामाजिक समानता, सेवा और मानवीय संवेदना का शानदार उदाहरण है।

अन्याय के खिलाफ खड़े होना भी आध्यात्मिकता का हिस्सा

vdvfd

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने आध्यात्मिकता को केवल व्यक्तिगत साधना तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा भी दी।

उन्होंने कहा कि यदि समाज में अत्याचार हो रहा हो, तो उसके सामने चुप रहना सच्ची आध्यात्मिकता नहीं है। आध्यात्मिक चेतना व्यक्ति को निर्भीक बनाती है और धर्म तथा न्याय की रक्षा के लिए खड़े होने का साहस देती है।

योगी ने कहा कि सिख गुरुओं का त्याग और बलिदान इसी विचार का प्रमाण है। गुरु तेग बहादुर जी का सर्वोच्च बलिदान, गुरु गोविंद सिंह जी का संघर्ष और उनके चारों साहिबजादों की शहादत इसी परंपरा से जुड़ी है। विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ सिख वीरों का संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनका योगदान भी इसी साहस और समर्पण का विस्तार है।

चारों साहिबजादों की शहादत देश के लिए प्रेरणा

bfvbfd

मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह जी, बाबा जुझार सिंह जी, बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही चारों साहिबजादों ने धर्म और अपने सिद्धांतों की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहन कीं, लेकिन आक्रांताओं के सामने झुकना स्वीकार नहीं किया। सात, नौ, 11 और 14 वर्ष की उम्र में उनका साहस और संकल्प अद्वितीय था।

योगी ने कहा कि चारों साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनका जीवन युवाओं को अपने धर्म, राष्ट्र और मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

लखनऊ से शुरू हुई वीर बाल दिवस की पहल बनी राष्ट्रीय परंपरा

vdfvfd

मुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से चारों साहिबजादों की स्मृति को जीवित रखने और नई पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराने के लिए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की पहल की गई थी।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर सात वर्ष पहले मुख्यमंत्री आवास में कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसके बाद वहां वीर बाल दिवस मनाने की परंपरा आगे बढ़ी।

योगी आदित्यनाथ ने खुशी जताई कि लखनऊ से शुरू हुई यह पहल अब देशभर में बड़े आयोजन का रूप ले चुकी है। वीर बाल दिवस पर स्कूलों और विभिन्न संस्थानों में प्रतियोगिताएं तथा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इससे बच्चों और युवाओं को चारों साहिबजादों के बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिलता है।

सिख गुरुओं की शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं

vdfvdfv

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं की यात्राएं और उनकी आध्यात्मिक चेतना किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रही। उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों तक जाकर मानवता और धर्म का संदेश पहुंचाया।

योगी ने कहा कि सिख गुरुओं के विचार आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। हम सभी का दायित्व है कि उनके प्रति सम्मान बनाए रखें, उनकी शिक्षाओं को अपने व्यवहार में उतारें और उनके त्याग तथा योगदान से आने वाली पीढ़ियों को परिचित कराते रहें। उन्होंने कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में होने वाले धार्मिक आयोजनों में शामिल होने का अवसर मिले।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

vdfvfd

समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, अमृतसर के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, गुरुद्वारा यहियागंज के मुख्य सेवादार डॉ. गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा नाका हिंडोला के मुख्य सेवादार डॉ. अमरजोत सिंह, जनरल सेक्रेटरी सरदार मनमीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरमिंदर सिंह, सरदार सतबीर सिंह आनंद, सरदार राजू गांधी, सरदार सतनाम सिंह सेठी और पार्षद चरणजीत गांधी सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।