Breaking News

लखीसराय भगदड़: मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान     |   जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने विधायक पद की शपथ ली     |   सोशल मीडिया पर बच्चों के अश्लील कंटेंट पर SC की फटकार, केंद्र से मांगा जवाब     |   राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को खत लिखा     |   पीएम मोदी ने बिहार के लखीसराय में भगदड़ में हुई लोगों की मौतों पर दुख जताया     |  

BJP संगठन में बड़ा बदलाव, नितिन नबीन की नई टीम पर लगी मुहर, आज हो सकता है ऐलान

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संगठन में बड़े बदलाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई टीम को अंतिम रूप दे दिया है और आज यानी 17 अगस्त को इसका ऐलान किया जा सकता है। जनवरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही नितिन नबीन की नई टीम के गठन का इंतजार किया जा रहा था। अब माना जा रहा है कि जल्द ही संगठन में नई नियुक्तियों की तस्वीर साफ हो जाएगी।

नई टीम में अधिकतम 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 9 राष्ट्रीय महामंत्री, जिनमें एक महामंत्री संगठन भी शामिल होगा, और 15 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति हो सकती है। इसके अलावा एक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की भी नियुक्ति की जानी है। BJP के संविधान में किए गए संशोधन के तहत संगठन के 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इसके मुताबिक कुल 38 राष्ट्रीय पदाधिकारियों में कम से कम 13 महिलाओं को शामिल करना जरूरी होगा। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग से भी कम से कम तीन-तीन पदाधिकारियों को प्रतिनिधित्व दिया जाना आवश्यक है।

नई टीम के साथ केंद्रीय चुनाव समिति का भी गठन किया जाना है। इस समिति में पार्टी के संसदीय बोर्ड के सभी सदस्यों के अलावा कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल किया जाता है। फिलहाल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और महिला मोर्चा की अध्यक्ष वी. श्रीनिवासन केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य हैं।

इसके अलावा नितिन नबीन राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन करेंगे। यह BJP की प्रमुख कार्यकारी संस्था है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अधिकतम 120 सदस्य हो सकते हैं। पार्टी के नियमों के अनुसार इसमें कम से कम 40 महिलाओं और 12 अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के सदस्यों को शामिल करना जरूरी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जरूरत के अनुसार विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित सदस्यों को भी मनोनीत कर सकते हैं।

BJP की राष्ट्रीय परिषद का भी गठन किया जाएगा। इसमें राज्य परिषदों द्वारा निर्वाचित सदस्य, संसदीय दल के 10 प्रतिशत सदस्य, पार्टी के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यों की विधानसभाओं और विधान परिषदों में पार्टी के नेता, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य, राष्ट्रीय मोर्चों के अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा मनोनीत अधिकतम 20 सदस्य शामिल होते हैं।

इस बार BJP की नई टीम में युवाओं और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की जा रही है। संगठन में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को भी ध्यान में रखा जाएगा। आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को देखते हुए अलग-अलग राज्यों में पार्टी को मजबूत करने वाले नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। ऐसे में नितिन नबीन की नई टीम को BJP की आने वाली चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।