उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में मिट्टी निकालना महिलाओं के लिए जानलेवा साबित हो गया। बताया जा रहा है कि गांव की करीब छह महिलाएं रोज की तरह जंगल इलाके में खुदाई कर रही थीं। तभी अचानक जमीन धंस गई और मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण आवाज सुनकर दौड़े और तत्काल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।
काफी मशक्कत के बाद मलबे से तीन महिलाओं के शव बाहर निकाले गए। हादसे के दौरान दब गई दो महिलाओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा का कहना है... सर्च अभियान में कोई और महिला वहां मौजूद नहीं है... वन विभाग के साथ मिलकर और भी जगहों को चेक किया जाएगा.... इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का कहना है कि आजीविका के लिए महिलाएं छुही मिट्टी निकालने जंगल जाती हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इलाके में अवैध खुदाई और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। फिलहाल पूरे इलाके में गम और सन्नाटा पसरा हुआ है।