Breaking News

ईरान तनाव: गैर-जरूरी US डिप्लोमैट्स और परिवारों को लेबनान छोड़ने का आदेश जारी     |   'एपस्टीन फाइल्स में पीएम मोदी का नाम आना शर्म की बात', राहुल गांधी का X पोस्ट     |   झारखंड: गिरिडीह में वोटिंग के दौरान दो गुटों में झड़प, गोली लगने से दो लोग घायल     |   ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए     |   ₹1000 तक वाले निष्क्रिय खातों की रकम बिना कागजी कार्रवाई लौटेगी: EPFO     |  

हरियाणा बोर्ड 10वीं-12वीं परीक्षा 25 फरवरी से शुरू, 55 स्थानों पर कुल 65 परीक्षा केंद्र

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं आगामी 25 फरवरी से शुरू होकर एक अप्रैल तक संचालित होंगी। इन परीक्षाओं को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा व पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य कर रहे है। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ इक्ट्ठी होने से रोकने के लिए संबंधित गांवों के सरपंच व पंचायत सदस्य पुलिस विभाग का सहयोग करेंगे। प्रशासन का हरसंभव प्रयास होगा कि जिला में बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्वक ढंग से नकलरहित करवाया जाए।  

जिले में 55 स्थानों पर कुल 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7 केंद्र संवेदनशील तथा 8 केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनाधिकृत गतिविधि न हो इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। परीक्षार्थियों को उचित स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी प्रकार का मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या ब्लूटूथ परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। केवल अधिकृत व्यक्ति ही मोबाइल फोन रख सकेगा। 

परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट मशीनें को बंद रखने के निर्देश जारी का दिए गए हैं। सभी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से चालू हालत में होने चाहिए, कहीं कैमरे खराब हैं तो उन्हें तुरंत ठीक करने के भी निर्देश दिए गए है। खिड़कियों एवं रोशनदानों पर जालियां लगी हों, यह भी अधिकारियों को सुनिश्चित करने को कहा गया है। 

परीक्षा संबंधी शिकायतों के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर- 01267-297690 है। इस नियंत्रण कक्ष में कर्मचारी बारी-बारी से ड्यूटी देंगे। उपायुक्त ने केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइन का अनुपालन सुनिश्चित करें। परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न करें। 

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के अंदर व बाहर भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी। किसी भी प्रकार के बाहरी हस्तक्षेप को रोकना पुलिस की जिम्मेदारी होगी। संबंधित क्षेत्र के डीएसपी व एसएचओ परीक्षा केंद्रों का निरंतर निरीक्षण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास 50 मीटर की परिधि में पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी परीक्षा समय से दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे साथ ही किसी भी घटना की वास्तविक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करेंगे। परीक्षार्थियों के आधार कार्ड व रोल नंबर की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।