नई दिल्ली में 27 और 28 नवंबर को बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक पूसा परिसर में होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता हिस्सा ले सकते हैं। बैठक में शामिल होने वाले सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी पहले बीजेपी मुख्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद वे बैठक के लिए पूसा परिसर रवाना होंगे।
इस दौरान पार्टी के संगठन को मजबूत करने, आने वाले राजनीतिक घटनाक्रमों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में संगठन से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श के साथ आगामी चुनौतियों को लेकर भी रोडमैप तैयार किया जा सकता है।
इससे पहले 30 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे थे, जहां उन्होंने बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया था। पार्टी उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन और चुनावी तैयारियों को धार दे रही है।
लखनऊ में हुई बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया था। इसमें जमीनी स्तर पर संगठन की पहुंच बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी चुनाव के लिए लक्ष्य तय करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे थे।