उत्तर प्रदेश में शहरों के सुनियोजित विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा बढ़ाकर पूरे लखनऊ जिले को इसके दायरे में लाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। इसके साथ ही बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी जरूरत के अनुसार विस्तार करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
पूरे लखनऊ जिले में होगा LDA का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ राज्य की राजधानी है और यहां तेजी से आबादी बढ़ रही है। लोगों की आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने के साथ ही शहर के बाहरी इलाकों में अवैध और अनियंत्रित निर्माण रोकने के लिए LDA का विस्तार जरूरी है।
अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ विकास प्राधिकरण की स्थापना वर्ष 1974 में हुई थी। इसके बाद 1999, 2009 और 2014 में इसकी सीमा बढ़ाई गई। वर्तमान में LDA के अधिकार क्षेत्र में नगर निगम क्षेत्र और 306 राजस्व गांव शामिल हैं। इसका कुल क्षेत्रफल 1,051 वर्ग किलोमीटर है।
बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण की तैयारी
लखनऊ से सटे बाराबंकी में भी तेजी से शहरी विस्तार हो रहा है। यहां औद्योगिक गतिविधियों और आवासीय जरूरतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी के नजदीक होने के कारण बाराबंकी में जमीन के इस्तेमाल और निर्माण गतिविधियों को सही दिशा देना जरूरी है। इसके लिए शुरुआत से ही सुनियोजित विकास किया जाए, ताकि भविष्य में जल निकासी, बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं न हों। सीएम योगी ने बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन का विस्तृत प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर का होगा नियोजित विकास
मुख्यमंत्री ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के आसपास होने वाले विकास को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल कर आगे बढ़ाया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच करीब 470 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र आता है। इसमें 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं।
इस क्षेत्र में निर्माण का दायरा तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2015 में यहां 1,962 हेक्टेयर क्षेत्र निर्मित था, जो 2020 में बढ़कर 2,656 हेक्टेयर और 2025 में 3,902 हेक्टेयर हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। इसके विकास की योजना एकीकृत तरीके से तैयार की जाए, जिससे आर्थिक गतिविधियों और रोजगार की संभावनाएं बढ़ सकें।
गाजियाबाद में बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम की दर्शक क्षमता 35 से 40 हजार के बीच होनी चाहिए। इसके निर्माण के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन मिलकर काम करें। मुख्यमंत्री ने दोनों संस्थाओं को रेवेन्यू शेयर मॉडल के तहत स्टेडियम निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन कर विस्तृत योजना प्रस्तुत करने को कहा।
क्षेत्रीय योजना-2051 का प्रारूप 30 नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की GIS आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की प्रगति की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि सर्वेक्षण, बेस मैप तैयार करने और क्षेत्रीय विकास की रूपरेखा से जुड़े शुरुआती काम पूरे हो चुके हैं। अब आम लोगों की आपत्तियों और सुझावों के लिए योजना का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। इसे 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि समयसीमा के भीतर प्रारूप तैयार किया जाए और लोगों से मिले सुझावों व आपत्तियों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। योजना को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद अगले पांच वर्षों की प्रमुख परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने का काम भी तेजी से किया जाए।
2051 तक 4.9 करोड़ हो सकती है राज्य राजधानी क्षेत्र की आबादी
राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली जिले शामिल हैं। यह क्षेत्र कुल 27,826 वर्ग किलोमीटर में फैला है।इन छह जिलों की वर्तमान आबादी करीब 2.92 करोड़ है, जो वर्ष 2051 तक बढ़कर 4.9 करोड़ होने का अनुमान है। इस दौरान शहरीकरण का स्तर भी 29 प्रतिशत से बढ़कर 46 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।
वर्ष 2025 में इस क्षेत्र की नॉमिनल जीडीपी ₹3.58 लाख करोड़ रही और इसकी वार्षिक विकास दर 6.7 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में इस क्षेत्र का योगदान करीब 12 प्रतिशत है।
हर जिले की क्षमता के अनुसार बनेगी विकास योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र की विकास योजना बनाते समय हर जिले की अलग-अलग आर्थिक और भौगोलिक क्षमताओं को ध्यान में रखा जाए।
- लखनऊ: अर्बन रेजिलिएंस और सुनियोजित शहरी विकास
- रायबरेली: विनिर्माण और डिफेंस इंजीनियरिंग
- उन्नाव: औद्योगिक विस्तार
- बाराबंकी: कृषि आधारित उद्योग और इको-टूरिज्म
- हरदोई: संडीला औद्योगिक कॉरिडोर
- सीतापुर: नैमिषारण्य के आसपास पर्यटन विकास
विकास प्राधिकरणों में खाली पद जल्द भरे जाएंगे
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में मानव संसाधन और कैडर व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं को सही तरीके से लागू करने और बेहतर शहरी नियोजन के लिए योग्य कर्मचारियों की जरूरत है।
सीएम योगी ने विभिन्न श्रेणियों के खाली पदों पर भर्ती और नियुक्ति की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रत्येक विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर नियुक्त करने को कहा, ताकि शहरी विकास की योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके।