Breaking News

यूपी चुनाव: सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की आई लिस्ट, कांग्रेस हुई नाराज     |   सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का फिर हमला, 2 भारतीय समेत 11 लोग जख्मी     |   PM नरेंद्र मोदी की जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ फोन पर हुई बातचीत     |   अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर बड़ा साइबर अटैक     |   तुर्की में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में 5 सैनिकों की मौत     |  

योगी सरकार की पहल से यूपी के 16 नगर निगम बनेंगे सोलर सिटी, स्ट्रीट लाइट 18 से 30 वाट करने का सुझाव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के शहरों को सौर ऊर्जा आधारित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश के 16 नगर निगमों को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए 40 करोड़ रुपये और मॉडल सोलर सिटी अयोध्या के लिए 15.75 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

बुधवार को सोलर सिटी परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर हाईमास्ट लाइट और रूफटॉप सोलर पावर प्लांट सहित विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। बैठक में नगर निगमों की ओर से 18 वाट की सोलर स्ट्रीट लाइट को बढ़ाकर 30 वाट करने का सुझाव दिया गया।

सोलर परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश

बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने की। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्रस्तावित कार्यों में तेजी लाने के साथ ही स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगमों की ओर से सोलर स्ट्रीट लाइट की क्षमता बढ़ाने के अलावा मोबाइल बैटरी आधारित ऊर्जा भंडारण सुविधा विकसित करने का सुझाव भी दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, बैटरी स्टोरेज की सुविधा से बिजली की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा। इससे डीजल जनरेटर पर निर्भरता घटाने और ईंधन खर्च कम करने में भी मदद मिलेगी। प्रमुख सचिव ने यूपीनेडा और नगर निगमों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परियोजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम करना है लक्ष्य

सोलर सिटी योजना का उद्देश्य उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति-2022 के तहत शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने का लक्ष्य रखा गया है।

योजना के तहत नगर निगमों में पारंपरिक ऊर्जा की अनुमानित मांग में कम से कम 10 प्रतिशत की कमी लाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए सरकारी भवनों, सार्वजनिक परिसरों, स्ट्रीट लाइट और अन्य शहरी सुविधाओं को सौर ऊर्जा से जोड़ा जाएगा।

इस पहल से शहरों में स्वच्छ और हरित ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ेगा। साथ ही बिजली की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। बैठक में यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह, सचिव पंकज सिंह और विभिन्न नगर निगमों के अधिकारियों के साथ मॉडल सोलर सिटी अयोध्या के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।