Breaking News

ईरान को आखिरकार बातचीत की टेबल पर आकर समझौता करना होगा: अमेरिकी रक्षा मंत्री     |   दिल्ली-NCR में GRAP-1 प्रतिबंध लागू, हवा की क्वालिटी खराब श्रेणी में पहुंची     |   चीन ने भरोसा दिलाया कि सीजफायर के दौरान ईरान को हथियार नहीं देगा: US रक्षा मंत्री     |   ‘बीजेपी ने तब महिला आरक्षण का विरोध किया था’, लोकसभा में प्रियंका गांधी ने कहा     |   ‘कांग्रेस ने सबसे पहले महिला आरक्षण की बात की थी’, लोकसभा में बोलीं प्रियंका गांधी     |  

दिल्ली में ITI को मिलेगा हाईटेक अपग्रेड, CM रेखा गुप्ता ने नई स्किल डेवलपमेंट पहल का ऐलान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को राजधानी के आईटीआई में तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए एक बड़ी पहल की घोषणा की। इस योजना के तहत चार आईटीआई में अत्याधुनिक लैब स्थापित की जाएंगी और मौजूदा लैब्स को अपग्रेड किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण पूरी तरह उद्योग की जरूरतों के अनुरूप हो सके।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता और तकनीकी दक्षता को बढ़ाना है। आईटीआई जहांगीरपुरी में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित की जाएगी, जहां पीएलसी किट, वीएफडी ट्रेनर, ट्रांसफॉर्मर ट्रेनर, सोलर पीवी किट और स्मार्ट एनर्जी सिस्टम जैसे आधुनिक उपकरणों के जरिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। आईटीआई जेल रोड (हरी नगर) में वेल्डर लैब को आधुनिक मशीनों, सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण और फैब्रिकेशन टूल्स के साथ अपग्रेड किया जाएगा, जिससे छात्रों को इंडस्ट्रियल स्तर का अनुभव मिल सकेगा।

वहीं, आईटीआई अरब की सराय (निजामुद्दीन) में ऑटोमोटिव लैब को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा, जिसमें ड्राइविंग, वेल्डिंग और पेंटिंग के लिए वर्चुअल रियलिटी (VR) सिमुलेटर शामिल होंगे। साथ ही एबीएस और एयरबैग जैसे एडवांस व्हीकल सिस्टम्स पर भी ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा, मयूर विहार स्थित एचजेबी आईटीआई में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) लैब स्थापित की जाएगी, जहां बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, ईवी चार्जिंग और इलेक्ट्रिक मोटर जैसी नई तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल स्किल इंडिया के विजन के अनुरूप है और इससे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस योजना से सैकड़ों छात्रों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।