Breaking News

दिल्ली एयरपोर्ट पर जबरन घुसने की कोशिश नाकाम, CISF जवानों ने एक संदिग्ध पकड़ा     |   पंजाब के लिए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्रदेश चुनाव समिति के गठन को दी मंजूरी     |   अमेरिका-वेनेजुएला में सैन्य रिश्ते बहाल करने पर समझौता: अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ     |   'सऊदी के जिजान और खमिस मुशैत शहरों पर किया हमला', हूतियों का दावा     |   भारत-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच, टॉस जीतकर भारत ने पहले फील्डिंग चुनी     |  

गोरखपुर को मिलेगा यूपी का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, 491 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गोरखपुर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद अब यहां प्रदेश का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय स्थापित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में इस विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे।

करीब 50 हेक्टेयर जमीन पर बनने वाले इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके शुरू होने के बाद गोरखपुर में विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी। इनमें आयुष और वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय अपनी तरह के विशेष संस्थान होंगे। इस तरह गोरखपुर शिक्षा और शोध के एक बड़े केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेगा।

पांच विश्वविद्यालयों वाला जिला बनेगा गोरखपुर

गोरखपुर में पहले से ही चार विश्वविद्यालय संचालित हैं। इनमें दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और प्रदेश का पहला महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय शामिल हैं।

अब वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना से जिले में उच्च शिक्षा के नए अवसर पैदा होंगे। आयुष के बाद इस क्षेत्र में दूसरा विशिष्ट विश्वविद्यालय मिलने से गोरखपुर की पहचान नॉलेज कैपिटल के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, वन प्रबंधन और सतत विकास से जुड़े शोध को भी बढ़ावा मिलेगा।

वन और पर्यावरण से जुड़े विषयों की होगी पढ़ाई

जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक, भारीवैसी में बनने वाले विश्वविद्यालय के लिए करीब 50 हेक्टेयर यानी 123.55 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। इस परियोजना पर 491 करोड़ रुपये खर्च होंगे। संस्थान का उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों में उच्च शिक्षा के साथ अनुसंधान और नई तकनीकों को प्रोत्साहित करना है।

यहां वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों का प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल उत्पादन और बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। विद्यार्थियों के लिए बीएससी, एमएससी और पीएचडी के साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाने की योजना है।

प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के अनुसार, विश्वविद्यालय से डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है। इससे वन और पर्यावरण के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को लाभ मिल सकता है।

छात्रावास से लेकर किसान कल्याण केंद्र तक बनेंगी सुविधाएं

विश्वविद्यालय परिसर में पढ़ाई और शोध के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार बनाया जाएगा।

इसके अलावा 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाले छात्रावास, 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी तैयार किए जाएंगे। संस्थान को आधुनिक शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की योजना है।

792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर दौरे के दौरान वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ जिले को कुल 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

इनमें 621.05 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। वहीं, 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री करेंगे। इनमें 491 करोड़ रुपये की वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय परियोजना प्रमुख है।