Breaking News

दिल्ली एयरपोर्ट पर जबरन घुसने की कोशिश नाकाम, CISF जवानों ने एक संदिग्ध पकड़ा     |   पंजाब के लिए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्रदेश चुनाव समिति के गठन को दी मंजूरी     |   अमेरिका-वेनेजुएला में सैन्य रिश्ते बहाल करने पर समझौता: अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ     |   'सऊदी के जिजान और खमिस मुशैत शहरों पर किया हमला', हूतियों का दावा     |   भारत-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच, टॉस जीतकर भारत ने पहले फील्डिंग चुनी     |  

‘उत्सव प्रदेश’ के युवाओं ने जमाए अध्यात्म, देशभक्ति व भारतीय संस्कृति के रंग

Lucknow: उत्तर प्रदेश के युवाओं ने लगातार चौथे दिन अध्यात्म, राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर युवा मंच ‘रंग दे बसंती’ की ओर से गुरुवार को लखनऊ के 1090 चौराहे पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस आयोजन ने युवा और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच दिया। गणेश वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में गीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। कलाकारों के हुनर की उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।

फोक मीडिया फाउंडेशन की ओर से खुशी एंड टीम के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। शुरुआत ‘ओ गणनायक’ गणेश वंदना से हुई। इस पर अविजित सिंह, संध्या, हीना और ज्योति ने भावपूर्ण नृत्य के जरिए भगवान गणेश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

इसके बाद युवा गायक साहिल श्रीवास्तव ने ‘देवा श्री गणेशा’ और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने अपनी गायकी के जरिए ईश्वर से बुद्धि और विवेक प्रदान करने की प्रार्थना की। पार्श्व गायक जावेद ने ‘एक राधा एक मीरा’ भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। इसके साथ ही ‘मेरे देश की धरती’, ‘चक दे इंडिया’ और ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा’ जैसे देशभक्ति गीतों पर भी खूब तालियां बटोरीं।

डांडिया और गरबा पर थिरके दर्शक, बॉलीवुड गीतों ने जमाया रंग
खुशी एंड टीम की संध्या, हीना, ज्योति, निष्ठा और निक्की ने डांडिया एवं गरबा की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों के साथ दर्शक भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। कई लोगों ने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर नृत्य किया और पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया।

टीम ने ‘सैयां मिले लरिकइयां मैं का करूं’ गीत पर नृत्य कर अवधी लोकसंस्कृति की झलक पेश की। वहीं, ‘सिया जी बहिनिया हमार हो, राम लगिहैं पहुंनवा’ की प्रस्तुति के माध्यम से संध्या, हीना, ज्योति, निष्ठा, निक्की, खुशी और विनय-नितिन ने भगवान श्रीराम एवं माता सीता के विवाह प्रसंग को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम में यशराज एंड टीम बैंड ने भी लाइव संगीत की प्रस्तुति दी। यशराज गुप्ता ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं का मनोरंजन किया। रात गहराने के साथ उनकी प्रस्तुतियों में बॉलीवुड और सूफी संगीत का रंग भी देखने को मिला। गिटार पर अभिषेक और अभिनव, कीबोर्ड पर सुमित तथा ड्रम पर रघु ने संगत की। कार्यक्रम का संचालन अंबुज ने किया।

प्रदर्शनी में लोगों ने लिखे अपने विचार, ‘योगी की पाती’ को देखा
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ लोगों ने ‘योगी की पाती’ का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में लगाए गए कैनवास पर लोगों को अपने विचार और भावनाएं लिखने का अवसर मिला। इस दौरान अनुपम कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सदाशयता की सराहना की।

वहीं, रोहित गुप्ता ने अपने संदेश में लिखा कि योगी सरकार में गुंडों का सफाया हुआ है। एक अन्य प्रशंसक ने ‘वी लव योगी बाबा’ लिखकर अपनी भावना जाहिर की। अंशिका ने ‘वी लव बुलडोजर बाबा’ और पुलकित ने ‘वन गोल-वन मिशन-योगी 3.0’ लिखकर अपना संदेश दिया। इसके अलावा भी कई लोगों ने कैनवास पर अपने मन की बात लिखकर विचार साझा किए।