Breaking News

दिल्ली एयरपोर्ट पर जबरन घुसने की कोशिश नाकाम, CISF जवानों ने एक संदिग्ध पकड़ा     |   पंजाब के लिए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्रदेश चुनाव समिति के गठन को दी मंजूरी     |   अमेरिका-वेनेजुएला में सैन्य रिश्ते बहाल करने पर समझौता: अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ     |   'सऊदी के जिजान और खमिस मुशैत शहरों पर किया हमला', हूतियों का दावा     |   भारत-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच, टॉस जीतकर भारत ने पहले फील्डिंग चुनी     |  

गोरखपुर में मृतक आर्यवर्धन के परिजनों से मिले CM योगी, बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में भाजपा नेता ओंकार सिंह के आवास पहुंचकर उनके 14 वर्षीय दिवंगत बेटे आर्यवर्धन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। आर्यवर्धन की बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के काफिले में शामिल एक वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

गुरुवार को टाउनहाल में भाजपा की जन चौपाल को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री आवास विकास कॉलोनी झारखंडी स्थित ओंकार सिंह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने आर्यवर्धन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने घटना को बेहद दुखद और निर्मम बताते हुए कहा कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा से जुड़े लोगों ने मासूम बच्चे की जान ली है और क्षेत्र में भय तथा अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आर्यवर्धन का परिवार चौरीचौरा के ऐतिहासिक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े एक क्रांतिकारी परिवार से संबंध रखता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष के दौरान 172 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी। उस समय महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के प्रयासों से इनमें से कई लोगों की सजा को आजीवन कारावास में बदलवाया गया था। आर्यवर्धन के परिवार के बुजुर्ग भी उन स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल थे।

सीएम योगी ने कहा कि जिस परिवार ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और जेल की यातनाएं झेलीं, उसके सदस्य के साथ इस तरह की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। उन्होंने बताया कि 14 वर्षीय आर्यवर्धन हाईस्कूल का छात्र था और स्कूल से घर लौट रहा था। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पहले उसे जेसीबी से टक्कर मारी गई और फिर वाहन उसके ऊपर चढ़ा दिया गया।

सपा पर साधा निशाना, गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख और उनके समर्थकों की हरकतों ने शर्मिंदगी की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश माफिया और अपराधियों से परेशान रहा है और अब फिर से अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।

सीएम ने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, अराजकता और उद्दंडता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कें लोगों के आवागमन के लिए होती हैं, न कि अव्यवस्था और दहशत फैलाने के लिए।

पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को पूरे मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी और कानून के मुताबिक उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आर्यवर्धन के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है। इस दौरान सांसद रवि किशन शुक्ल और विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।