उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों के बीच सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा का पहला दिन सफलतापूर्वक पूरा हो गया। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित दो दिवसीय लिखित परीक्षा गुरुवार को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहले दिन दो पालियों में 24 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 79.60 प्रतिशत ने हिस्सा लिया।
AI तकनीक से परीक्षा केंद्रों पर रखी गई नजर
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए आयोग मुख्यालय में अत्याधुनिक AI इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम बनाया गया था। यहां आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में परीक्षा केंद्रों पर लगे AI कैमरों के जरिए अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। इस तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से परीक्षा के संचालन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिली।
पहली पाली में 15, दूसरी में 9 विषयों की परीक्षा
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित हुई। इसमें शिक्षाशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, विधि, संस्कृत, भौतिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, चित्रकला, दर्शनशास्त्र, उर्दू, सांख्यिकी, भूगर्भ विज्ञान, कृषि रसायन, कृषि अर्थशास्त्र, पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान और मानवशास्त्र समेत 15 विषय शामिल रहे।
वहीं, दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चली। इस दौरान इतिहास, भूगोल, वाणिज्य, गणित, संगीत गायन, कृषि वनस्पति, कृषि प्रसार, कृषि अभियंत्रण और संगीत वादन-तबला सहित नौ विषयों की परीक्षा कराई गई।
दोनों पालियों में 50,994 अभ्यर्थी शामिल
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 50,994 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यह पंजीकृत अभ्यर्थियों की कुल संख्या का 79.60 प्रतिशत है।
पहली पाली में 32,145 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 24,907 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इस तरह पहली पाली में उपस्थिति 77.48 प्रतिशत दर्ज की गई। दूसरी पाली में 31,921 पंजीकृत अभ्यर्थियों के मुकाबले 26,087 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जो 81.72 प्रतिशत रही। लिंग के आधार पर आंकड़ों की बात करें तो परीक्षा में 20,275 महिला अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनकी उपस्थिति 78.03 प्रतिशत रही। वहीं, 30,719 पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 80.67 प्रतिशत दर्ज की गई।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए सरकार प्रतिबद्ध
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और नकलविहीन तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए संबंधित जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का आभार जताया।