Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

AAP सांसद अशोक मित्तल से जुड़े ठिकानों पर ईडी के छापे, राघव चड्ढा की जगह बनाए गए थे डिप्टी लीडर

Punjab: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) की जांच के तहत आम आदमी पार्टी (एएपी) के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल और उनके तथा उनके परिवार द्वारा पंजाब और हरियाणा में स्थापित शैक्षणिक संस्थानों के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने ये जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जालंधर, उसके आसपास के इलाकों और गुरुग्राम में लगभग 10 जगहों पर फेमा के तहत तलाशी ली गयी। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि इसमें फगवाड़ा (कपूरथला जिला) स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) का परिसर और गुरुग्राम में स्थित टेट्र कॉलेज ऑफ बिजनेस और मास्टर्स यूनियन कॉलेज ऑफ बिजनेस नामक दो संबद्ध शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं।

मित्तल (61) को हाल में राज्यसभा में ‘एएपी’ का उपनेता नियुक्त किया गया है, जहां उन्होंने राघव चड्ढा की जगह ली है। वे फगवाड़ा में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति भी हैं। उनके बेटे प्रथम मित्तल ने गुरुग्राम स्थित शिक्षण संस्थानों की स्थापना की।

अधिकारियों के अनुसार, ईडी फेमा की जांच के रूप में इन शैक्षणिक संस्थानों के कुछ विदेशी वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान मिले कुछ व्यक्तियों के प्रारंभिक बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी "तैयारियां" शुरू कर दी हैं, जहां वर्तमान में आम आदमी पार्टी की सरकार है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ ही पंजाब के मंत्रियों और विधायकों ने मित्तल के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा की। केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर मान की पोस्ट साझा करते हुए केंद्र पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।