Breaking News

पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी, अभिषेक और कल्याण इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होंगे     |   पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी ने सायोनी घोष को यूथ TMC का अध्यक्ष नियुक्त किया     |   WB: ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष बनाने पर स्पीकर के फैसले के खिलाफ HC जाएगी TMC     |   CBSE पोर्टल पर साइबर अटैक मामले में शिकायत मिलने पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की     |   दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड: MCD ने फ्लोरिश इन गेस्ट हाउस को सील किया     |  

डीडीसीए महिला टी20 लीग के दूसरे सत्र का शुभारंभ, 60 टीमें और 700 से अधिक खिलाड़ी लेंगी हिस्सा

Delhi: दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने शुक्रवार को अपनी महिला टी-20 लीग के दूसरे सत्र का शुभारंभ किया जिसमें 60 टीमें और 700 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। पिछले वर्ष आयोजित पहले सत्र में 42 टीमों ने भाग लिया था, जबकि इस बार 18 नई टीमों के जुड़ने से महिला क्रिकेट के बढ़ते दायरे को देखा जा सकता है। लीग का उद्घाटन डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने किया।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को 10 ग्रुप में बांटा गया है, जिनमें प्रत्येक में छह-छह टीमें शामिल हैं। इसमें दिल्ली जिमखाना सीसी, हिंद सीसी, यंग फ्रेंड्स सीसी, दिल्ली ब्लूज सीसी और सिटी जिमखाना जैसे स्थापित क्लब भी भाग ले रहे हैं।

जेटली ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘पिछले वर्ष यह लीग एक पहल के रूप में शुरू की गई थी, जिसमें 42 क्लब शामिल हुए थे। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर लगभग 60 क्लबों तक पहुंच गई है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को नियमित सत्र से अलग एक ऐसा मंच देना है जहां प्रतियोगिता, प्रदर्शन मूल्यांकन और प्रशिक्षण का समन्वय हो सके।’’

डीडीसीए की उपाध्यक्ष शिखा कुमार ने इस बढ़ोतरी को महिला क्रिकेट के बढ़ते अवसरों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला टीम की हालिया सफलताओं का परिणाम करार देते हुए कहा, ‘‘ माता-पिता अब बेटियों के लिए क्रिकेट में बेहतर संभावनाएं देख रहे हैं, जिससे क्लबों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।’’