उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के मौके पर PDA का घोषणापत्र जारी करेंगे। इसे 'जन-मन का घोषणापत्र' नाम दिया गया है। इसका नारा है- 'सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र'।
पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार किए गए इस घोषणापत्र में संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। पार्टी इसमें महिलाओं, युवाओं और समाज के पिछड़े व वंचित वर्गों के लिए रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े वादे शामिल करेगी।
समाजवादी पार्टी की योजना आगे चलकर अलग-अलग मंडलों और जिलों के लिए भी क्षेत्रीय घोषणापत्र जारी करने की है। पार्टी चुनाव से काफी पहले अपना घोषणापत्र सामने लाकर इन मुद्दों को गांव और शहर के स्तर तक पहुंचाना चाहती है। 26 नवंबर को इसके साथ ही पार्टी की नीतियों और योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की भी संभावना है। घोषणापत्र जारी होने के बाद 'संविधान मार्च' आयोजित किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने PDA को मजबूत करने की बात कही
इससे पहले शनिवार को लखनऊ में अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सांस्कृतिक परंपरा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सपा पहले रामायण मेला आयोजित करती थी और इस बार जनता PDA को मजबूत करेगी। उनका यह बयान 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर था।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग आपसी भाईचारे और अपनापन बढ़ाने के लिए एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की हालत ऐसी है कि लैपटॉप खोलने पर उसे केवल समाजवादी पार्टी ही दिखाई देती है।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार के विभागों की CAG रिपोर्ट का भी जिक्र किया। अखिलेश ने कौशल विकास और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग विभागों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए 26 हजार स्कूलों के बंद होने से जुड़ी रिपोर्ट पर सवाल उठाए।
चुनावी गठबंधन पर बातचीत जारी
अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन को लेकर बातचीत अभी चल रही है। उन्होंने साफ किया कि सभी विपक्षी दलों का मुख्य उद्देश्य बीजेपी को चुनाव में हराना है।
चुनाव आयोग को पत्र लिखेगी समाजवादी पार्टी
अखिलेश यादव ने 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से कुछ अधिकारी सत्ताधारी पार्टी के एजेंट और कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। इस मामले में समाजवादी पार्टी चुनाव आयोग को पत्र लिखकर शिकायत करेगी। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने बताया कि शिकायत पत्र पर सपा के विधायक, विधान परिषद सदस्य और लोकसभा व राज्यसभा सांसद हस्ताक्षर करेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान के तहत जनता को न्याय, सम्मान और अधिकार मिलना आज बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने इस स्थिति के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि जनता चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही बीजेपी की हार तय हो जाएगी और इस बार जनता उसे सत्ता से बाहर कर देगी।