नेपाल के कोशी प्रदेश में मंगलवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई। सुबह-सुबह आए इस भूकंप का असर भारत, भूटान और बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिला। चीन से भी झटके महसूस होने की खबरें सामने आई हैं।
भूकंप सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर नेपाल के कोशी प्रदेश में लेलेप के पास आया। फिलहाल इससे हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
वहीं, असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी मंगलवार तड़के भूकंप आया। सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 2.5 रही। इसका केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। असम में आए भूकंप का केंद्र 25.743 उत्तरी अक्षांश और 93.355 पूर्वी देशांतर पर स्थित था। दोनों भूकंपों से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।