Breaking News

जम्मू: BSF-पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में 2Kg ड्रोन-ड्रॉप हेरोइन बरामद, कीमत 12 करोड़     |   इराकी कुर्दिस्तान में इटली के मिलिट्री बेस पर हमला हुआ, कोई घायल नहीं     |   CPIM नेता जी सुधाकरन अलपुझा जिले की अंबालापुझा सीट से इंडिपेंडेंट चुनाव लड़ेंगे     |   इराक के पास तेल टैंकरों पर हमला, एक भारतीय की मौत     |   लोकसभा का कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित     |  

इंडिगो ने शनिवार को भी रद्द की उड़ानें, देश भर के हवाई अड्डों पर दिखा अफरा-तफरी का माहौल

देश भर में लगातार पांचवें दिन हवाई सेवा अस्त-व्यस्त नजर आई। भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो को उड़ानों के संचालन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एयरलाइन ने शनिवार को देश भर के बड़े हवाई अड्डों से 400 से ज्यादा उड़ाने रद्द कर दीं। इससे हजारों यात्री मुश्किल में फंस गए। वे अपनी मंजिल तक पहुंचने के दूसरे रास्ते खोजते दिखे।

बेंगलुरू हवाई अड्डे पर 124 उड़ानें रद्द कर दी गईं। कई यात्रियों को तो टर्मिनल पर पहुंचने के बाद ही पता चला कि उनकी उड़ान रद्द हो गई है। हवाई अड्डे पर फंसे यात्रियों में अनुजा भी शामिल थीं। उन्हें राजकोट जाना था। शनिवार को ही उनकी सगाई थी।

मुंबई हवाई अड्डे पर भी बड़े पैमाने पर उड़ानों में आई दिक्कतों से लोगों की मुश्किलें बढ़ती दिखीं। आने-जाने वाली 109 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। इससे बड़ी संख्या में यात्री फंस गए। चेन्नई में हवाई अड्डे पर फंसे कई यात्रियों ने कहा कि एयरलाइन की तरफ से कोई इंतज़ाम नही किया गया, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इसी तरह, दिल्ली में भी कई यात्रियों ने शिकायत की कि बड़े पैमाने पर उड़ानों में आई रुकावट की वजह से उनके प्लान बिगड़ गए। भोपाल, पटना और जम्मू जैसे कई शहरों के हवाई अड्डों पर यात्री हैरान परेशान नजर आए। कई यात्री शिकायत करते दिखे कि एयरलाइन के कर्मचारियों ने उन्हें उड़ानों की सही जानकारी नहीं दी।

इससे पहले शुक्रवार को इंडिगो ने देश के अलग-अलग हवाई अड्डे से संचालित होने वाली 1000 से ज्यादा उड़ानों को रद्द कर दिया था। इंडिगो ने भरोसा दिलाया है कि आने वाले कुछ दिनों में विमानों का परिचालन सामान्य हो जाएगा। डीजीसीए यानी नागर विमानन महानिदेशालय ने इंडिगो के पायलटों की ड्यूटी समय सीमा में छूट के अलावा कुछ और रियायतें दी हैं।