Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

यात्री वाहनों की बिक्री की रफ्तार जुलाई में पड़ी सुस्त, ज्यादातर कंपनियों के आंकड़े घटे

Delhi: घरेलू बाजार में वाहनों की मांग नरम रहने के बीच जुलाई के दौरान मारुति सुजुकी इंडिया की थोक बिक्री में मामूली तेजी रही जबकि टाटा मोटर्स और हुंदै मोटर इंडिया की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि महिंद्रा एंड महिंद्रा ने पिछले महीने वाहनों की आपूर्ति में सालाना आधार पर दहाई अंक और किआ इंडिया ने इकाई अंकों में वृद्धि दर्ज की। 

देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने जुलाई में कुल 1,37,776 यात्री वाहनों की थोक बिक्री की, जो एक साल पहले की समान अवधि में बिके 1,37,463 इकाइयों की तुलना में मामूली रूप से अधिक है। कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि आल्टो और एस-प्रेसो जैसी छोटी कारों की बिक्री घटकर 6,822 इकाई रह गई जबकि जुलाई, 2024 में इसने 9,960 वाहन बेचे थे। 

हालांकि कंपनी के बलेनो, डिजायर, इग्निस और स्विफ्ट मॉडलों की बिक्री एक साल पहले की 58,682 इकाइयों से बढ़कर 65,667 इकाई हो गई। ग्रैंड विटारा, ब्रेजा, अर्टिगा और एक्सएल6 जैसे यूटिलिटी वाहनों की बिक्री पिछले महीने 52,773 इकाई रही, जो पिछले साल की 56,302 इकाई बिक्री से छह प्रतिशत कम है।

एमएसआई के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक (सेवा) पार्थो बनर्जी ने थोक बिक्री के आंकड़ों पर एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सभी मॉडलों में छह एयरबैग शामिल करने से लागत में वृद्धि से कुछ चुनौतियां आई हैं। बनर्जी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री वृद्धि पिछले साल के लगभग 10 प्रतिशत की तुलना में घटकर दो-तीन प्रतिशत रह गई है। 

उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नरमी और अन्य अनिश्चितताओं जैसे कारकों के कारण शहरी क्षेत्रों को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बिक्री के दृष्टिकोण पर बनर्जी ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान बिक्री सकारात्मक रहने की उम्मीद है और केरल में बुकिंग में वृद्धि से इसके रुझान नजर आ रहे हैं। 

उन्होंने कहा, "अच्छे मानसून और फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की उम्मीदों के चलते कुल मिलाकर बाजार का माहौल अनुकूल ही दिख रहा है।" हुंडई मोटर इंडिया ने कहा कि जुलाई में घरेलू बाजार में उसकी बिक्री सालाना आधार पर 10 प्रतिशत घटकर 43,973 इकाई रह गई। 

कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा, "हालांकि पिछले कुछ महीनों में समग्र वाहन उद्योग में ही नरमी देखी गई है। फिर भी हम त्योहारों को लेकर आशावादी बने हुए हैं और मजबूत आपूर्ति और आकर्षक उत्पादों की पेशकश के साथ पूरी तरह तैयार हैं।" महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) ने कहा कि उसने घरेलू बाजार में 49,871 यूटिलिटी वाहन बेचे, जो पिछले साल जुलाई में बिकी 41,623 इकाइयों की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है। 

एमएंडएम के वाहन खंड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नलिनीकांत गोलागुंटा ने कहा, "एक्सयूवी 3एक्सओ 'रेवएक्स' सीरीज की हालिया पेशकश और बीई 6 एवं एक्सईवी 9ई मॉडलों के पैक-2 संस्करणों की आपूर्ति शुरू होने से हमारी बिक्री को बल मिला है।" 

टाटा मोटर्स ने कहा कि जुलाई में घरेलू बाजार में उसके कुल यात्री वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 12 प्रतिशत घटकर 39,521 इकाई रह गई। किआ इंडिया की जुलाई में कुल बिक्री आठ प्रतिशत बढ़कर 22,135 इकाई रही। 

किआ इंडिया के मुख्य बिक्री अधिकारी जूनसो चो ने कहा, "हमारी स्थिर बिक्री किआ पर भारतीय ग्राहकों के निरंतर विश्वास को दर्शाती है। यह निरंतरता ग्राहकों की बदलती जरूरतें पूरा करने वाले गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधाओं से भरपूर वाहन प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता से प्रेरित है।" 

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने कहा कि जुलाई में उसकी बिक्री सालाना आधार पर तीन प्रतिशत बढ़कर 32,575 इकाई हो गई। कंपनी ने घरेलू बाजार में 29,159 इकाइयां बेचीं। टीकेएम के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं सेवा) वरिंदर वाधवा ने कहा, "कुल मिलाकर बाजार में हमारी स्वीकार्यता निरंतर बनी हुई है, जो ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।" 

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की जुलाई में बिक्री सालाना आधार पर 46 प्रतिशत बढ़कर 6,678 इकाई हो गई। कंपनी ने जुलाई 2024 में 4,575 वाहन बेचे थे। दोपहिया वाहन खंड में बजाज ऑटो ने कहा कि जुलाई में उसकी कुल घरेलू बिक्री 13 प्रतिशत घटकर 1,83,143 इकाई रह गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में 210,997 इकाई बिकी थी। 

रॉयल एनफील्ड की पिछले महीने घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 76,254 इकाई हो गई जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 61,208 इकाई थी। टीवीएस मोटर कंपनी की जुलाई में दोपहिया बिक्री 29 प्रतिशत बढ़कर 4,38,790 इकाई हो गई जबकि पिछले साल इसी महीने में 3,39,676 इकाई की बिक्री हुई थी।