Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

Rajasthan: शादी के तीन महीने बाद ही पत्नी ने करवाई पति की हत्या, महिला समेत 4 गिरफ्तार

Rajasthan: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में शादी के तीन महीने बाद ही पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गुरुवार को ये जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हत्या के इस मामले में आरोपी महिला के साथ-साथ उसके कथित प्रेमी और दो और युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, शुरू में ये लूट और हत्या का मामला लग रहा था लेकिन जांच में पता चला कि पत्नी ने ही हत्या की साजिश रची थी।

जिला पुलिस अधीक्षक अमृता दुहान ने बताया कि आरोपियों की पहचान अंजलि (23), प्रेमी संजय (25), उसके दोस्त रोहित (20) और सिद्धार्थ (20) के रूप में हुई तथा सभी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि घटना 30 जनवरी की रात को उस समय हुई, जब केएलएम गांव का रहने वाला आशीष कुमार (27) अपनी पत्नी अंजलि के साथ खाना खाने के बाद टहलने निकला था।

अधिकारी ने बताया कि गांव के पास एक सुनसान सड़क पर कुछ लोगों ने आशीष पर लाठियों से हमला कर दिया और बाद में उसका गला घोंट दिया। उन्होंने बताया कि अंजलि और संजय के बीच छह-सात साल से प्रेम संबंध थे।

अधिकारी ने बताया कि आशीष और अंजलि की शादी पिछले साल 30 अक्टूबर को हुई थी हालांकि युवती के परिवार को उसके प्रेम प्रसंग की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, हत्या से लगभग 16 दिन पहले अंजलि अपने मायके सादुलशहर आई, जहां उसने और संजय ने आशीष की हत्या की कथित तौर पर साजिश रची।

क्षेत्राधिकारी प्रशांत कौशिक ने बताया, “घटना की रात भोजन के बाद अंजलि, आशीष के साथ टहलने निकली। उसने संजय को इसकी सूचना दी, जो अपने साथियों के साथ आया और पास की झाड़ियों में छिप गया। सुनसान जगह पर तीनों ने आशीष पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया और फिर उसका गला घोंट दिया गया।”

उन्होंने बताया, “अपराध को लूट की घटना दिखाने के लिए अंजलि ने आशीष का मोबाइल फोन और अपनी बालियां आरोपी को दे दीं। फिर वह बेहोश होने का नाटक कर वहां गिर गई। रात करीब नौ बजे सड़क किनारे एक दंपत्ति के बेहोश पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस दोनों को रावला सामुदायिक केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया।”