Bihar Voting: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता और मंत्री मतदान करने के लिए सुबह-सुबह ही निकल पड़े। बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में अपना वोट डाला और लोगों से बिहार के विकास में तेजी लाने के लिए मतदान करने की अपील की।
महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरा और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपने पिता और पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ पटना वेटनरी कॉलेज के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं है, बल्कि बिहार के भविष्य को आकार देने के लिए भी है।
लखीसराय जिले में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़हिया में अपना वोट डाला और चुनाव को विकास और अस्थिरता के बीच निर्णायक चुनाव बताया। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह 'ललन' ने राज्य की राजधानी पटना में वोट डाला और लोगों से जलपान से पहले मतदान करने की अपील की।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और बीजेपी सांसद नित्यानंद राय ने हाजीपुर में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और बिहार के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे सीवान से चुनावी मैदान में हैं। वे 2012 से विधान परिषद सदस्य हैं और पहली बार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। वह बलिया गांव के एक बूथ पर वोट डालने वाले पहले व्यक्ति थे।
वीओ: युवा और मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर बीजेपी के टिकट पर अलीनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। मैथिली वोट डालने से पहले मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचीं। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की।
सीवान से आरजेडी उम्मीदवार और ओसामा शहाब ने प्रतापपुर में अपना वोट डाला। 31 साल के ओसामा गैंगस्टर से राजनेता बने मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे हैं। ओसामा रघुनाथपुर से चुनाव लड़ रहे हैं, जो उस सीवान लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां से उनके पिता कई बार सांसद रहे थे।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में तीन करोड़ 75 लाख से ज्यादा मतदाता 1,314 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे।