Breaking News

इराक के बिजली स्टेशन में भीषण आग, 4 लोगों की मौत और 30 घायल     |   AI शेयरों में गिरावट की आशंका से Bitcoin क्रैश, 2 साल के निचले स्तर पर पहुंची कीमत     |   पिता के नाम पर बना 'नीतीश सेतु' तो भावुक हुए निशांत कुमार... बोले- हम सबके लिए गर्व और सम्मान की बात     |   UP में स्पेशल TET का रिजल्ट घोषित, सफल कैंडिडेट्स के सर्टिफिकेट भी जारी     |   ओडिशा: चक्रवात 'अकवान' के एक दिन बाद पुरी में घना कोहरा छाया     |  

यूपी में शीतलहर से निपटने की तैयारी तेज, 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने संभावित शीतलहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सतर्क कर दिया है। ठंड के कारण बीमार पड़ने वाले लोगों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों के साथ उनसे जुड़े अस्पतालों को जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में चौबीसों घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, पर्याप्त डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ, जरूरी दवाएं और गर्म वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में राजकीय मेडिकल कॉलेजों, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों और संबंधित चिकित्सा संस्थानों को तत्काल प्रभाव से शीतलहर प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। सरकार का उद्देश्य है कि कड़ाके की ठंड के दौरान किसी भी मरीज को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था

अस्पतालों के इमरजेंसी विभागों में ठंड से प्रभावित मरीजों के लिए पर्याप्त बेड, चिकित्सक, पैरामेडिकल कर्मी और जीवनरक्षक दवाएं हर समय उपलब्ध रखी जाएंगी। हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान खतरनाक स्तर तक गिरने और फ्रॉस्टबाइट यानी अत्यधिक ठंड से शरीर के ऊतकों को नुकसान पहुंचने के मामलों में शुरुआती लक्षणों की पहचान कर तय चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार तुरंत उपचार देने के निर्देश हैं।

गंभीर मरीजों को बेहतर देखभाल देने के लिए आपातकालीन विभागों में विशेष गर्म और सुरक्षित उपचार कक्ष यानी वार्म रूम तैयार किए जाएंगे। जरूरत के मुताबिक मरीजों को गर्म कंबल और शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।

बुजुर्गों और बच्चों सहित संवेदनशील मरीजों पर विशेष ध्यान

शीतलहर के दौरान नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की देखभाल को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही हृदय और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

अस्पतालों के सामान्य वार्ड, आईसीयू, एनआईसीयू और पीआईसीयू समेत सभी उपचार कक्षों में ठंडी हवा से बचाव और पर्याप्त तापमान बनाए रखने की व्यवस्था होगी। इसके लिए मानकों के अनुरूप सुरक्षित हीटर लगाए जाएंगे। बिजली के तारों और उपकरणों की नियमित जांच के साथ आग से बचाव और विद्युत सुरक्षा के इंतजाम भी पुख्ता करने होंगे।

एंबुलेंस, ऑक्सीजन और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश

स्वास्थ्य संस्थानों को एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रखने के लिए कहा गया है। साथ ही ऑक्सीजन, आवश्यक दवाओं, थर्मामीटर, मरीजों की निगरानी करने वाले उपकरणों, कंबलों और अन्य चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करना होगा। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में बिना देरी रेफर करने की व्यवस्था भी तैयार रखी जाएगी।

सुबह, शाम और रात में होगी अस्पतालों की व्यवस्था की जांच

शीतलहर से निपटने के लिए सरकार ने निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था भी तय की है। मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य, निदेशक या उनके द्वारा नामित वरिष्ठ चिकित्साधिकारी प्रतिदिन तीन बार—सुबह, शाम और रात में—अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे। हर मेडिकल कॉलेज में शीतलहर प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने के लिए एक वरिष्ठ चिकित्साधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।

इसके अलावा ठंड से प्रभावित मरीजों का नियमित रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। जरूरत के अनुसार ये आंकड़े इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) के तहत जिला सर्विलांस इकाई को भेजे जाएंगे।

मरीजों के साथ तीमारदारों को भी मिलेगी ठंड से राहत

अस्पताल प्रशासन को मरीजों के साथ आने वाले परिजनों और तीमारदारों की सुविधाओं का भी ध्यान रखने को कहा गया है। अस्पताल परिसर, ओपीडी और इमरजेंसी विभागों में शीतलहर से बचाव के उपायों से जुड़ी जागरूकता सामग्री लगाई जाएगी। मरीजों और उनके परिजनों को गर्म कपड़े पहनने, शरीर का तापमान बनाए रखने और भीषण ठंड में बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जाएगी।

अस्पतालों में तीमारदारों के लिए भी गर्म बिस्तर, गद्दे और कंबलों की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार गर्म पानी और हीटर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय ने सभी चिकित्सा संस्थानों को इन निर्देशों का तत्काल पालन करने को कहा है। शीतलहर का असर रहने तक मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तैयारियों और चिकित्सा सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।