प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) में उत्तर प्रदेश ने देशभर में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्व पर्यावास दिवस के अवसर पर 5 अक्टूबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में यूपी को दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और लाभार्थी केंद्रित व्यवस्था के लिए प्रदेश को यह राष्ट्रीय पहचान मिली है।
लाभार्थी आधारित आवास निर्माण में यूपी नंबर-1
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के लाभार्थी आधारित आवास निर्माण (BLC) घटक में उत्तर प्रदेश ने देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। स्वीकृत आवासों के सापेक्ष सबसे ज्यादा आवास पूरे करने पर यूपी को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान मिला है। इस उपलब्धि से शहरी क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
PMAY-U 2.0 में ग्राउंडिंग के मामले में तीसरा स्थान
वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत स्वीकृत आवासों की कुल संख्या के मुकाबले सबसे ज्यादा प्रतिशत आवासों की ग्राउंडिंग यानी निर्माण कार्य शुरू कराने के मामले में उत्तर प्रदेश को तीसरा स्थान मिला है।
विज्ञान भवन में मिला सम्मान
दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदान किए। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के शहरी विकास विभाग के सचिव सत्येंद्र सिंह, डी. तारा और संयुक्त सचिव कुमार रविकांत सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश की ओर से राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के निदेशक महेंद्र बहादुर सिंह ने दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। उनके साथ वित्त नियंत्रक रजनीकांत वर्मा और कार्यक्रम अधिकारी अतुल सिंह चौहान भी समारोह में मौजूद रहे।
पारदर्शी व्यवस्था को मिली राष्ट्रीय पहचान
उत्तर प्रदेश को मिले इन दोनों पुरस्कारों को प्रदेश में आवास योजनाओं के पारदर्शी और लाभार्थी केंद्रित क्रियान्वयन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। निदेशक सूडा महेंद्र बहादुर सिंह ने इस उपलब्धि पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।