Breaking News

होर्मुज से निकलने वाले जहाजों से जल्द शुल्क वसूलना शुरू करेंगे- बोले ईरान के मंत्री     |   जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |  

Rajasthan: बस बिजली के तारों के संपर्क में आई, दो व्यक्तियों की मौत और दस झुलसे

राजस्थान के जयपुर जिले के मनोहरपुर इलाके में मंगलवार को एक निजी बस बिजली के तारों के संपर्क में आ गई जिससे उसमें करंट आ गया और दो लोगों की मौत हो गई। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने ये जानकारी देते हुए बताया कि करंट लगने से दस व्यक्ति झुलस भी गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि बस उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से मजदूरों को लेकर मनोहरपुर स्थित एक ईंट भट्टा जा रही थी। बस में कुछ गैस सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान भी था। उन्होंने बताया कि मनोहरपुर के एक गांव के पास कच्चे रास्ते से गुजरते समय बस की छत पर रखा सामान हाईटेंशन लाइन को छू गया जिसके बाद बस में आग लग गई। कुछ मजदूर बस से कूदने में कामयाब रहे। बाद में आग बुझा दी गई।

घायलों को शाहपुरा के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से छह को झुलसने की वजह से जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि कुछ का शाहपुरा में प्राथमिक उपचार किया गया। उन्होंने ने बताया कि घरेलू सामान में गैस सिलेंडर भी शामिल थे।

उप-मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। एसएमएस अस्पताल में 'बर्न वार्ड' में घायलों के शीघ्र उपचार की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन के अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने अस्पताल पहुंचे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'एक्स' पर लिखा, ‘‘जयपुर के मनोहरपुर में हुई बस दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार का निर्देश दिया गया है।’’ राज्यपाल हरिभाउ बागडे ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक जताते हुए लिखा, ‘‘जयपुर के मनोहरपुर में श्रमिकों से भरी बस के हाईटेंशन लाइन छूने से आग लगने के कारण दो व्यक्तियों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार दुखद है। राजस्थान में जिस प्रकार से आए दिन हादसे होने से आम जन अपनी जान गंवा रहे हैं, वे चिंताजनक है।’’