जनजातीय परंपराओं, लोकनृत्यों और पारंपरिक कलाओं की खूबसूरत झलक सोमवार को लखनऊ में देखने को मिली। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में चार दिवसीय 'अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव' की शुरुआत हुई। 23 से 26 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन समाज कल्याण और अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया।
उत्सव में देश के 13 राज्यों से आए कलाकार अपनी लोककलाओं के जरिए जनजातीय समाज की संस्कृति और विरासत को लोगों के सामने पेश कर रहे हैं। पारंपरिक नृत्य, संगीत और गायन ने पहले दिन दर्शकों को खासा आकर्षित किया।
शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा से हुई। यह यात्रा शाम 3 बजे लखनऊ के 1090 चौराहे से निकली और यूपी दर्शन पार्क पहुंची। इसके बाद शाम 5 बजे सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ।

उत्तर प्रदेश के कलाकारों ने अपनी लोककलाओं से मंच को जीवंत बना दिया। सोनभद्र के कलाकारों ने मादल वादन और करमा नृत्य प्रस्तुत किया। लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी से आए थारू जनजाति के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के जरिए अपनी संस्कृति दिखाई। बिजनौर के कुआं खेड़ा से बुक्सा जनजाति के कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, चित्रकूट के कलाकारों ने जवारा और राई नृत्य से दर्शकों का मनोरंजन किया।
13 राज्यों की लोककलाओं ने बांधा समां

उत्सव में दूसरे राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। महाराष्ट्र के नासिक से आए कलाकारों ने बोहणा नृत्य और मध्य प्रदेश के धार के कलाकारों ने भगोरिया नृत्य पेश किया। राजस्थान के तेराताली नृत्य और पश्चिम बंगाल के संथाली नृत्य ने दर्शकों को अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराओं से परिचित कराया। हिमाचल प्रदेश के सिरमौरी और लम्बाडा नृत्य के साथ छत्तीसगढ़ के दुर्ग से आए कलाकारों की पंडवानी गायन प्रस्तुति भी खास रही।

प्रयागराज के कलाकारों ने बीन वादन किया, जबकि ओडिशा की बोंडा जनजाति के कलाकारों ने अपने पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी। उत्तराखंड के जौनसारी नृत्य ने पहाड़ी संस्कृति की झलक दिखाई। राजस्थान के कलाकारों ने लंगा गायन और चकरी नृत्य से कार्यक्रम में लोकसंगीत का रंग भरा।
शिल्प मेले में दिखे पारंपरिक हुनर

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्सव स्थल पर शिल्प मेले का भी आयोजन किया गया है। यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक लोगों के लिए खुला रहेगा। मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए शिल्पकार अपने हाथों से तैयार जनजातीय हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं। यहां आने वाले लोग शिल्पकारों की कला को करीब से देख सकते हैं और उनकी परंपराओं को समझ सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उत्सव का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक शिल्प को व्यापक पहचान दिलाने के साथ कलाकारों को अपनी कला दिखाने का मंच देना है।