इतिहास में 26 दिसंबर का दिन एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। बीस साल पहले इसी दिन बंगाल की खाड़ी में आई विनाशकारी सुनामी ने इंडोनेशिया, थाईलैंड, श्रीलंका और भारत में भारी तबाही मचाई थी। समुद्र में उठने वाली विशाल लहरों की यादें आज भी चेन्नई में समुद्र किनारे रहने वाले मछुआरों के रोंगटे खड़े कर देती हैं।
लोगों ने बताया कि इतनी ऊंची लहरें असामान्य थीं। जब सुनामी आई और लहरें तटों से टकराईं तो वे भौंचक्के रह गए। 26 दिसंबर, 2004 को सुमात्रा में इंडोनेशियाई टापू पर 9.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद समुद्र में आई सुनामी ने 14 देशों में करीब दो लाख 30 हजार लोगों की जान ले ली।
सुनामी की वजह से करीब 17 लाख लोग बेघर-बार हो गए। सबसे ज्यादा नुकसान इंडोनेशिया, श्रीलंका, भारत और थाईलैंड को पहुंचा था।