Breaking News

सितंबर में रिटेल महंगाई दर बढ़कर 5.54 प्रतिशत हुई, जो अगस्त में 4.82 फीसदी थी     |   बिहार कैबिनेट ने पीएम मोदी के 25 वर्ष की जनसेवा पर उनका हार्दिक अभिनंदन किया     |   झारखंड HC ने JPSC की तीन परीक्षाएं रद्द मामले में सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित रखा     |   'चुनाव आयोग को बचाते-बचाते बीजेपी खुद डूब जाएगी', अखिलेख यादव ने कहा     |   जंतर-मंतर को प्रोस्टेट साइट से हटाने का मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा, सुनवाई कल     |  

दिल्ली में शिक्षा और तकनीकी ट्रेनिंग को बढ़ावा, CM रेखा गुप्ता ने स्कूल, छात्रावास और हाईटेक ट्रेनिंग सेंटरों का किया उद्घाटन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें द्वारका में नया सरकारी स्कूल, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (NSUT) में छात्राओं के लिए छात्रावास और तीन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में हाईटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी प्रतिभा निखारने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का आधार है। दिल्ली सरकार का लक्ष्य आधुनिक शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने द्वारका में नवनिर्मित सरकारी सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन किया। इस स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक के करीब 2,000 विद्यार्थी पढ़ सकेंगे। यहां विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय की पढ़ाई की सुविधा होगी। स्कूल परिसर में 75 कमरे, स्मार्ट क्लासरूम, विशेष प्रयोगशालाएं, आधुनिक पुस्तकालय, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) लैब और स्टाफ रूम बनाए गए हैं। विद्यार्थियों के लिए संगीत, खेल और अन्य पाठ्येतर गतिविधियों की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

दिल्ली सरकार ने उच्च शिक्षा में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से NSUT के ईस्ट कैंपस में नए छात्रावास का उद्घाटन किया। इसमें 120 छात्राओं के रहने की व्यवस्था होगी। इससे खासतौर पर दूर-दराज के इलाकों से आने वाली छात्राओं को सुविधा मिलेगी। कैंपस में रहने की व्यवस्था होने से उन्हें पढ़ाई के लिए अधिक समय और बेहतर माहौल मिल सकेगा।

युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तकनीकी प्रशिक्षण देने के लिए मुख्यमंत्री ने ITI जहांगीरपुरी, ITI धीरपुर (सर सी.वी. रमन ITI) और ITI नरेला में हाईटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। इन केंद्रों पर युवाओं को इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, CNC मशीनिंग, रोबोटिक्स, 3D स्कैनिंग, स्मार्ट एनर्जी, सोलर टेक्नोलॉजी और ऊर्जा दक्षता जैसी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जहांगीरपुरी केंद्र से हर साल करीब 1,000 प्रशिक्षुओं और धीरपुर केंद्र से करीब 1,200 प्रशिक्षुओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, नरेला केंद्र के जरिए युवाओं को नवीकरणीय और ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में उभरते रोजगार के अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ओखला में G.B. पंत इंटीग्रेटेड कॉलेज और पॉलिटेक्निक परियोजना की आधारशिला भी रखी। इस परिसर में इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक शिक्षा, कौशल विकास और शोध की सुविधाएं एक साथ विकसित की जाएंगी।

परियोजना के तहत आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय और छात्रावास बनाए जाने का प्रस्ताव है। संस्थान की विद्यार्थी क्षमता मौजूदा करीब 2,880 से बढ़ाकर 7,000 करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे दिल्ली में ही अधिक युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा।

NSUT के मुख्य परिसर में एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग लैब और फैकल्टी ऑफिस बिल्डिंग की आधारशिला भी रखी गई। प्रस्तावित लैब के जरिए करीब 2,000 विद्यार्थियों को आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने की योजना है। वहीं, नई फैकल्टी ऑफिस बिल्डिंग से शिक्षकों को अकादमिक तैयारी, शोध, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और आपसी सहयोग के लिए बेहतर कार्यस्थल मिलेगा।

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ ITI में तकनीकी प्रशिक्षण को भी मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग जल्द ही दिल्ली स्किल मिशन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार शिक्षा को व्यावहारिक कौशल, कौशल को रोजगार और नवाचार को उद्यमिता से जोड़ने पर ध्यान दे रही है। उनका कहना है कि आधुनिक प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण केंद्रों, छात्रावासों और बेहतर शैक्षणिक परिसरों से युवाओं को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। इस कार्यक्रम में दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, विधायक संदीप सहरावत और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।