Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

दुष्कर्म के आरोपों पर विशेष जांच दल ने एक्टर सिद्दीकी से पूछताछ की

 मलयालम फिल्म एक्टर सिद्दीकी अपने खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने पेश हुए। आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी फिलहाल यहां कैंटोनमेंट पुलिस थाने में सिद्दीकी से पूछताछ कर रही है।

अपनी शिकायत में एक युवा महिला कलाकार ने आरोप लगाया है कि सिद्दीकी ने उसे फिल्म में भूमिका देने के बहाने तिरुवनंतपुरम के एक होटल में उसका यौन उत्पीड़न किया। पिछले सप्ताह केरल हाई कोर्ट के सिद्दीकी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज किये जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी।

हाई कोर्ट ने उनकी बेल अर्जी खारिज करते हुए आरोपों की गंभीरता और हिरासत में पूछताछ की जरूरत का हवाला दिया था। सिद्दीकी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनका दावा है कि शिकायतकर्ता 2019 से झूठे आरोप लगाकर उन्हें परेशान कर रही है।

ये मामला एक्ट्रेस के साथ यौन अपराधों पर जस्टिस के. हेमा समिति की रिपोर्ट के बाद प्रमुख मलयालम फिल्म हस्तियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की व्यापक जांच का हिस्सा है। इन आरोपों के संबंध में कई प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।