Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

पंजाब: सरकारी कर्मचारियों को पंजाब सरकार का तोहफा, सीएम मान ने DA में बढ़ोतरी का किया एलान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में चार प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की। ये वृद्धि 1 दिसंबर 2023 से लागू होगी। पंजाब राज्य मंत्रालय संबद्ध सेवा यूनियन (पीएसएमएसयू) के अध्यक्ष अमरीक सिंह ने कहा कि बढ़ोतरी के बाद डीए बढ़कर 38 प्रतिशत हो जाएगा। पीएसएमएसयू के प्रतिनिधियों के साथ यहां एक बैठक के बाद इस संबंध में निर्णय लिया गया। 

मुलाकात के दौरान मान ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की। मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा है, ''आज पंजाब राज्य मंत्रालय संबद्ध सेवा सेवा यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उनके मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। यह बताते हुए खुशी है कि हम कर्मचारियों को नए साल का तोहफा देने जा रहे हैं... डीए में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जो 1 दिसंबर 2023 से प्रभावी होगी।'' 

बैठक के बाद पीएसएमएसयू अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि बाकी आठ फीसदी डीए भी जल्द दिया जाएगा। कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना लागू करने, लंबित 12 प्रतिशत डीए जारी करने और संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग कर रहे थे।

पीएसएमएसयू ने रविवार को अपनी एक महीने से अधिक लंबी हड़ताल को निलंबित कर दिया था, जो आठ नवंबर से शुरू हुई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ बैठक से पहले अपनी हड़ताल स्थगित कर दी थी।