Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण की तैयारी तेज, सुरक्षा के लिए बढ़ाई जा रही पुलिस फोर्स

केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का फैसला किया है। रुद्रप्रयाग की एसपी निहारिका तोमर ने बताया कि अब तक करीब 14 लाख 83 हजार श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। एसपी ने कहा कि दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। परिवहन मार्गों के साथ-साथ केदारनाथ धाम और पैदल ट्रेकिंग रूट पर मौजूद सभी चेक पोस्ट पर पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।

इसके अलावा ड्रोन, फायर और SDRF की टीमें भी तैनात की जा रही हैं। इन टीमों को आने वाले दिनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उधर, लगातार बारिश के बीच रविवार को केदारनाथ धाम का रास्ता बंद रहा। चिरबासा हेलीपैड के पास मलबा और पत्थर गिरने के बाद यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई। प्रशासन ने यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए उठाया है।

रुद्रप्रयाग पुलिस के मुताबिक, लगातार बारिश और पत्थर गिरने के कारण फिलहाल रास्ते को साफ करना सुरक्षित नहीं है। केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोका गया है, जबकि वापस लौट रहे यात्रियों को जंगलचट्टी में रोक दिया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए श्रद्धालुओं से अपील की है कि रास्ता साफ होने और प्रशासन की अनुमति मिलने तक आगे न बढ़ें। बारिश और पत्थर गिरने के दौरान ट्रेकिंग करने से भी बचने को कहा गया है।

रुद्रप्रयाग शहर और जिले के अन्य पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण पिछले सप्ताह अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया था। ऐसे में प्रशासन यात्रा मार्गों और नदी क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है। इस साल चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। केदारनाथ धाम रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है और यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक होने के साथ चारधाम में भी शामिल है।