Breaking News

दिल्ली हाई कोर्ट ने थप्पड़ कांड मामले में प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी किया     |   CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन     |   CEC ज्ञानेश कुमार समेत 3 चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति को SC में दी गई चुनौती     |   झारखंड HC ने JPSC, JSSC-CGL की परीक्षाएं रद्द मामले में फैसला सुरक्षित रखा     |   कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक को पीटा, BJP का कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप     |  

वाराणसी में नितिन नबीन का युवा संवाद, बोले- आज की पीढ़ी बदलाव की वाहक

वाराणसी में गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी बदलाव की वाहक है और परिवार, समाज और सरकार चलाने वाले जनप्रतिनिधियों को युवाओं की आवाज सुनना जरूरी है।

नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप, आईटी, एआई, सेमीकंडक्टर, मेडिकल शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने युवाओं से 2047 तक भारत को विकसित भारत और विश्वगुरु बनाने में पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान देने की अपील की।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि नई पीढ़ी अब अपने करियर और भविष्य के फैसले खुद ले रही है। पहले माता-पिता तय करते थे कि बच्चे डॉक्टर या इंजीनियर बनेंगे, लेकिन आज युवा अपनी पसंद के अनुसार करियर चुनते हैं और परिवार उनका समर्थन करता है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी का प्रयास है कि पार्टी नेतृत्व सीधे युवाओं से संवाद करे और उनकी समस्याओं का समाधान तलाशे। उन्होंने माना कि अभी सब कुछ हासिल नहीं हुआ है, लेकिन देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

नितिन नबीन ने कहा कि आजादी के करीब 80 साल बाद भी देश विकसित भारत के सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने नीति आयोग के जरिए अगले 50 वर्षों के बारे में सोचने की व्यवस्था बनाई है।

उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि हर राज्य और हर जिले तक आईटी हब पहुंचने चाहिए। उत्तर प्रदेश में नोएडा, लखनऊ और काशी इसके उदाहरण हैं।

नबीन ने कहा कि काशी को आईटी हब बनाने का सुझाव सरकार तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही युवाओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन उपलब्ध ट्रेनिंग प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने की अपील की।

भारत में 2.5 लाख से ज्यादा स्टार्टअप

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि 2014 से पहले ‘स्टार्टअप’ शब्द का इस्तेमाल बहुत कम होता था, लेकिन आज देश में 2.5 लाख से ज्यादा सफल स्टार्टअप काम कर रहे हैं। ये स्टार्टअप रोजगार देने वाले बन रहे हैं और सरकार ऑनलाइन पोर्टल के जरिए उन्हें सहयोग और फंडिंग दे रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनेगा। वाराणसी को तकनीकी हब के रूप में विकसित करने का काम भी चल रहा है।

यूपी में एक्सप्रेसवे से ब्रह्मोस सेंटर तक का जिक्र

नितिन नबीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर माहौल के कारण पर्यटन बढ़ा है। एक समय राज्य की पहचान माफिया को लेकर होने वाली चर्चाओं से थी, लेकिन आज यूपी एक्सप्रेसवे के लिए जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल सेंटर बनाया जा रहा है, जहां 40 प्रतिशत रोजगार स्थानीय युवाओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि यूपी के युवा अब मिसाइल बनाने में योगदान दे रहे हैं।

मेडिकल शिक्षा और रोजगार पर भी बोले

नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए सभी कॉलेजों को NEET के दायरे में लाया। उनके मुताबिक पहले हर साल करीब 5 हजार मेडिकल सीटों पर दाखिले होते थे, जबकि अब करीब 1.5 लाख विद्यार्थी हर साल मेडिकल शिक्षा में दाखिला ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी कमियां सामने आने पर कार्रवाई की गई और दोबारा परीक्षाएं कराकर लाखों मेधावी छात्रों के भविष्य को सुरक्षित किया गया। उन्होंने नई शिक्षा नीति और स्किल इंडिया का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी मानव शक्ति है। होटल मैनेजमेंट और मास कम्युनिकेशन समेत अलग-अलग क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसर बढ़ रहे हैं। देश में इंफ्रास्ट्रक्चर पर 8 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश हो रहा है और रोजाना 35 से 40 किलोमीटर सड़कें बनाई जा रही हैं।

काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन-पूजन

युवा संवाद से पहले नितिन नबीन ने काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने देशवासियों के कल्याण और बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद की कामना की।

उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण और विकास की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गंगा किनारे बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना हर श्रद्धालु के लिए बेहद खास अनुभव है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी समेत अन्य नेता मौजूद रहे। नितिन नबीन का यह दौरा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हुआ है। बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने की तैयारी में है।