Breaking News

दिल्ली हाई कोर्ट ने थप्पड़ कांड मामले में प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी किया     |   CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन     |   CEC ज्ञानेश कुमार समेत 3 चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति को SC में दी गई चुनौती     |   झारखंड HC ने JPSC, JSSC-CGL की परीक्षाएं रद्द मामले में फैसला सुरक्षित रखा     |   कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक को पीटा, BJP का कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप     |  

भोपाल के न्यू मार्केट में भीषण आग, कई दुकानें चपेट में

भोपाल के न्यू मार्केट इलाके में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग हनुमान मंदिर के पास करीब 2:45 बजे लगी, जिसके बाद आसपास की कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग बुझाने के लिए नगर निगम, पुलिस और बीएचईएल की फायर टीम को मौके पर बुलाया गया।

भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बताया कि आग करीब तीन से चार इमारतों तक फैल गई थी। मौके पर आठ फायर टेंडर और नौ पानी के टैंकर लगातार आग बुझाने में जुटे हैं। टैंकरों को लगातार दोबारा भरकर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा आग पर काबू पाने के लिए फोमिंग मशीन भी मंगाई गई है।

चोले-भटूरे की दुकान की चिमनी से आग लगने की बात

स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में आग चोले-भटूरे की दुकान की चिमनी से शुरू होने की बात सामने आई है। इसके बाद आग आसपास की दुकानों तक फैल गई।

उन्होंने बताया कि कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन की दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। आग एक के बाद एक दुकानों में फैल रही थी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं।

आग पर काबू पाने की कोशिश जारी

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि आग फिलहाल कुछ हद तक नियंत्रण में है, लेकिन पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान की सही जानकारी सामने आ सकेगी। बीएचईएल की टीम भी फायर फोम के साथ मौके पर पहुंची है और आग बुझाने के अभियान में मदद कर रही है।